समाज में जागरूकता व एकता के उद्देश्य से हुआ 

आदिवासी कंवर समाज का वार्षिक सम्मेलन…

बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय स्थित मिशन ग्राउंड रामपुर में आदिवासी कंवर समाज का वार्षिक सम्मेलन संपन्न हुआ। भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त एवं कंवर समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में संसदीय सचिव श्रीमती अंबिका सिंह देव मुख्य अतिथि की आसंदी से शामिल हुई।

भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त एवं कंवर समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह ठाकुर ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कोरिया जिले के रामपुर की पावन भूमि पर जिला स्तरीय कंवर समाज के एक दिवसीय वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जो कंवर समाज के लिए गौरव और प्रशंसा की बात है। उन्होंने सम्मेलन के आयोजन के लिए आयोजन कर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह वार्षिक सम्मेलन समाज में एकता और जागरूकता लाने की दृष्टि से आयोजित किया गया है। कंवर समाज के सर्वांगीण विकास उन्नति और उनके  जीवन में खुशहाली लाने के लिए सजातीय बंधुओं मे एकता जागरूकता एवं शिक्षा का होना जरूरी है। आदिवासी कवर समाज को बदलना नहीं है बल्कि उन्हें शैक्षणिक और आर्थिक रूप से मजबूत करना होगा। शिक्षा विकास का मुख्य साधन है। शिक्षा मजबूत होगा तो उनका समाज स्वतः शक्तिशाली हो जाएगा । आदिवासी समाज शक्तिशाली होगा तो प्रदेश का विकास होगा प्रदेश का विकास होगा तो राष्ट्र  भी विकसित होगा । उन्होंने उच्च पदों पर पदस्थ और शिक्षित एवं सफल लोगों को समाज  के कमजोर लोगों को प्रोत्साहित कर आगे लाने की समझाइश दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती अंबिका सिंह देव विधायक एवं संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन ने कहा कि आदिवासी कंवर समाज की गौरवशाली इतिहास और परंपरा है। इस समाज में कई विभूतियों ने राज्य और देश में अपनी कीर्तिमान स्थापित किया है । हमें उन नीतियों के पद चिन्हों पर चलकर उनका अनुसरण करना चाहिए। श्रीमती सिंहदेव ने कहा कि आदिवासी कंवर समाज सामाजिक एकता का मिसाल है आदिवासी कंवर समाज को सामाजिक संगठन के रूप में जाना जाता है । उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। आदिवासी कंवर समाज इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है श्रीमती सिंहदेव ने कहा कि आदिवासी द्वारा आयोजित सम्मेलन में शामिल होकर वह गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने समाज के विकास के लिए एक नई दिशा दी है। विभिन्न समाज के समुचित विकास के लिए अनेक कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने आदिवासी कंवर समाज के रामपुर में स्थित सामुदायिक भवन में प्रथम मंजिल निर्माण के लिए अपनी निधि से ₹1000000  (दस लाख) प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि यह राशि माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल द्वारा बैकुंठपुर जिले के भेंट मुलाकात हेतु भ्रमण के दौरान घोषित की गई राशि ₹2000000 (बीस लाख) के अलावा है। यह दोनों राशि यानी 3000000  (तीस लाख ) रूपए कंवर समाज को प्रदान की जाएगी । इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभावान छात्र छात्राओं को सम्मानित किया । सम्मेलन को विशिष्ट अतिथि श्रीमती सविता साय और संदीप पैकरा ने संबोधित किया। सम्मेलन में स्वागत गीत प्रस्तुत करने वाले बच्चों को नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सेवा निवृत शासकीय सेवकों को साल एवं नारियल प्रदान कर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम का संचालन करते हुए चंद्रिका पैकरा ने अवगत कराया कि  कंवर यूथ क्लब जिला कोरिया छत्तीसगढ़ का गठन किया गया है। उनके सहयोग से ही इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया । इस अवसर पर समाज के प्रमुख देवराज पैकरा अमर सिंह नरहेल, दखल साय पैकरा , शिवदयाल सिंह पैकरा , अर्जुन सिंह, अमित सिंह पैकरा सहित समाज के गणमान्य नागरिक जनप्रतिनिधि और काफी संख्या में आदिवासी कंवर समाज के नागरिक गण उपस्थित रहे।।

Categorized in: