गिरफ्त में आए पांच आरोपितों ने शहर के तीन दुकानों में चोरी की वारदात करना कबूला, कुआं खोदाई का ठेका लेने के आड़ में गिरोह का सरगना दुकानों की करता था रेकी


आरोपितों से एक देशी रिवाल्वर, लोहे का तलवार, लोहे का नुकीला सब्बल व अन्य सामान जप्त

अंबिकापुर। सदर कोतवाली से लगे गुरूनानक चौक के पास स्थित कपड़ा और बर्तन दुकान में तीन दिन पूर्व हुई चोरी के मामले में पुलिस के हाथ अंतर्राज्यीय आरोपित लगे हैं, जिनकी योजना डकैती की बड़ी घटना को अंजाम देने की थी। इन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए संबंधित दुकान का रेकी भी कर लिया था। इस घटना को अंजाम देने में आरोपित सफल हो पाते, इसके पहले पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया और चोरी की आए दिन हो रही वारदातों को लेकर बनी फजीहत की स्थिति से पुलिस बच गई।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस गुरुवार की रात गश्त पर निकली थी। इस दौरान कुछ लोग पुलिस को देखकर छिपने का प्रयास करने लगे। पुलिस की नजर इन पर पड़ी और इन्हें पकड़ पूछताछ की तो पता चला कि सभी झारखंड प्रांत के रहने वाले हैं। पूछताछ में इन्होंने कुआं खोदाई का ठेका लेकर काम करने की बात कह पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। इधर पुलिस तीन दिन पूर्व हुई चोरी की वारदातों में शामिल चोरों का जगह-जगह से सीसीटीवी फुटेज निकाली थी, इसका मिलान करने पर इनके चेहरे चोरी की वारदात में शामिल लोगों से मेल खाते मिले। इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों को देकर पांचों अपराधियों को पुलिस थाने लेकर पहुंची और सख्ती से पूछताछ की तो शहर के ब्रह्मरोड में स्थित अमित रेडियो में डकैती डालने की योजना का पर्दाफाश हुआ। पूछताछ में इन्होंने गुरूनानक चौक से लगे शासकीय कन्या विद्यालय के सामने स्थित मनीष ड्रेसेस व अनिल बर्तन दुकान के अलावा पूर्व में रितेश अग्रवाल के खरसिया रोड स्थित रितेश एजेंसी में हुई चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके पास से दो जिंदा कारतूस सहित एक देशी रिवाल्वर, एक तलवार, दो सब्बल व पलास जब्त किया है। आरोपितों से पुलिस हाल में चोरी किए गए 25 हजार रुपये नगद व 19 नग चांदी का सिक्का बरामद की है। पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ धारा 399, 402 व 25-27 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। तीनों दुकानों में चोरी के मामले में आरोपितों के खिलाफ धारा 457 व 380 का भी मामला दर्ज है।
पुलिस इन्हें की गिरफ्तार-
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार काम्बले व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार शुक्ला ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि पुलिस ने जिन पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है उनमें झारखंड के साहेबगंज जिला के ग्राम राजमहल मोजबानीचक निवासी जिम्मेदार शेख पिता सत्तार शेख 35 वर्ष, असगर शेख पिता ऐनुल शेख 18 वर्ष, असलम शेख पिता सुसुद्दीन शेख 42 वर्ष, आलम शेख पिता इरफान शेख 45 वर्ष तथा मजबूर शेख पिता अलीमुद्दीन शेख 50 वर्ष शामिल हैं। कुआं खोदाई का काम ठेके में करने की बात कह ये चोरी-डकैती में उपयोग के लिए नुकीला सब्बल सहित अन्य औजार बनवा लिए थे। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपित पैदल ही हथियार व अन्य सामान लेकर निकलते थे। इससे पूर्व में भी पुलिस ने चोरी के प्रकरण में आरोपित गोधू उर्फ रूपसाय यादव व संजय भगत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है।
हिस्ट्रीशीटर, निगरानी बदमाश व संदिग्धों पर थी नजर-
शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं व नशे के कारोबार को लेकर पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर अपराधी तत्वों, हिस्ट्रीशीटर, निगरानी बदमाश व संदिग्धों से लगातार पूछताछ करने में लगी है। इसी क्रम में पुलिस टीम गुरूवार की रात नवागढ़ फायरिंग रेंज की ओर पेट्रोलिंग में निकली थी, उसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर कुछ व्यक्ति लुकने-छिपने व भागने लगे। पुलिस ने इन्हें घेराबंदी करके पकड़ा तो पता चला कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले पांचों आरोपित बड़ी डकैती की योजना को अंजाम देने की मंशा लेकर निकले थे। अमित रेडियो में लंबा हाथ साफ करने के बाद आरोपित शहर से दूर निकल लेते।
डकैती से बचे दुकानदार देगा 11 हजार रुपये इनाम-
अमित रेडियो की रेकी के बाद डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम देने के पहले आरोपितों के गिरफ्तार होने पर दुकान संचालक अमित गोयल ने राहत की सांस ली। जब उन्हें पता चला कि मनीष ड्रेसेस व बर्तन दुकान के बाद गिरफ्तार किए गए पांच चोरों की मंशा उनके दुकान में बड़ी डकैती डालने की थी, इसके पूर्व ही पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया है तो वे महामाया मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना के बाद कोतवाली पहुंच प्रसाद वितरण किया। उन्होंने पुलिस कार्रवाई से खुश होकर पुलिस की टीम को 11 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल-
पुलिस की यह सफल कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज व पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम काम्बले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन व निर्देशन में कोतवाली टीआइ भारद्वाज सिंह, साइबर सेल प्रभारी विद्याभूषण भारद्वाज, एसआइ प्रमोद पांडेय, सरफराज फिरदौसी, रामनरेश गुप्ता, डाकेश्वर सिंह, एएसआइ भूपेश सिंह, विवेक पांडेय, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, अजय पांडेय, सरके खेस, आरक्षक मंटू गुप्ता, राकेश शर्मा, कुंदन सिंह, जयदीप सिंह, शिव राजवाड़े, विकास सिंह, विमल कुमार, शाहबाज अंसारी, अमित विश्वकर्मा, इदरीश खान, बृजेश राय, अंशुल शर्मा के अलावा साइबर सेल के सदस्यों ने की।
चैंबर ऑफ कामर्स ने जताया आभार-
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज, सरगुजा इकाई के प्रतिनिधि मंडल ने बीते 28 मार्च को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला से मुलाकात कर शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों के संबंध में चर्चा की थी। चर्चा के दौरान एएसपी ने आश्वासन दिया था कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर जल्द काबू पाने में पुलिस सफल होगी। सरगुजा पुलिस के लगातार प्रयास एवं सुचारू कार्यशैली के फलस्वरूप जिन चोरों ने स्कूल रोड स्थित दुकानों में 27 मार्च की रात चोरी की थी उनको पकडऩे में सफलता मिली। सरगुजा पुलिस प्रशासन की मुस्तैद कार्रवाई व चोरों को सीमित समय में पकड़ लेने को काबिल-ए-तारीफ मानते हुए छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अजीत कुमार अग्रवाल ने शहर के समस्त व्यापारियों की तरफ से पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला एवं पुलिस प्रशासन सरगुजा का आभार व्यक्त किया है।

Categorized in: