पहाड़ के साथ बड़े पेड़ भी काट रहे, राजनीतिक रसूख का फायदा उठाने का लग रहा आरोप
अंबिकापुर। जिला प्रशासन की नाक के नीचे राजनीतिक रसूख के बल पर ग्राम श्रीगढ़ में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा धड़ल्ले से चल रहा है। भू-माफिया पहाड़ों को काटकर जमीन का विस्तार करने में लगे हुए हैं, इसके बावजूद जिला प्रशासन मौन है। पहाड़ के साथ ही हरे-भरे पेड़ों को भी काटने का काम किया जा रहा है।
महामाया मंदिर से लगे पहाड़ पर अवैध कब्जा को लेकर पिछले दिनों जिस प्रकार से राजनीतिक दलों में हाय तौबा की स्थिति बनी थी, इसके बाद जिला प्रशासन एक्शन मूड में दिखाई पड़ा, लेकिन राजनीतिक धुंध के छंटते ही एक बार फिर से पहाड़ों की कटाई शुरू हो गई है। पहाड़ पर कब्जा गरीबों के नाम पर भू-माफिया कर रहे हैं। ग्राम पंचायत श्रीगढ़ के पटेलपारा में एक भू-माफिया पट्टे की जमीन की आड़ में प्राचीन पहाड़ों की कटाई पिछले एक सप्ताह से दिन-रात कर रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्रशासन में पहुंच होने के कारण इसे रोकने वाला कोई नहीं है। पोकलेन मशीन से बकायदा पहाड़ को काटा जा रहा है। ग्रामीण कहते हैं कि अब तक एक दर्जन से ज्यादा पेड़ काटे जा चुके हैं। इनकी धमकी से सभी मौन हैं। कहना है कि इस कार्य में लगे व्यक्ति की पहुंच सत्ता पक्ष के रसूखदार नेता व मंत्री से है। श्रीगढ के पटवारी राकेश साहू से पूछने पर उन्होंने बताया कि पटेलपारा स्थित पहाड़ों की कटाई अवैध तरीके से हो रही है। वे कभी उस भूमि पर नपाई करने नहीं गए हैं। कई बार मौखिक तौर पर पहाड़ काटने से मना किया गया लेकिन वे नहीं मान रहे हैं। इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को देने की बात उन्होंने कही।
पहाड़ पर कब्जा करने गाड़ा सीमेंट पोल-
मौके पर पूरे पहाड़ में सीमेंट पोल गाड़कर रखा गया है, जिसमें कब्जा करने की भू-माफिया की नीयत है। कब्जे की परिधि में आने वाले पूरे पेड़ भी उनके हैं, ऐसा ऐलान क्षेत्र में कर देने से कोई भी ग्रामीण उस सीमा में प्रवेश करने से कतराता है।

Categorized in: