अंबिकापुर। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंह देव ने महाप्रबंधक, पश्चिमी मध्य रेलवे जबलपुर एवं दक्षिणी पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर को पत्र लिखकर अंबिकापुर-जबलपुर-अंबिकापुर ट्रेन को चलाने की मांग की है। पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने अपने पत्र में लिखा है कि अंबिकापुर-जबलपुर-अंबिकापुर ट्रेन आदिवासी बाहुल्य सरगुजा संभाग के लिए काफी सुविधाजनक है। यहां के लोग नई दिल्ली, भोपाल, इंदौर सहित कई अन्य बड़े शहरों में जाने हेतु इस ट्रेन का उपयोग करते हैं, जिससे यात्रियों को अनुपपुर, कटनी, जबलपुर से कई अन्य रूटों पर जाने हेतु ट्रेन की सुविधा मिल जाती थी। कनेक्टिंग ट्रेनों की सेवा के कारण ही इस ट्रेन का उपयोग सर्वाधिक होता है। किंतु अचानक ट्रेन का परिचालन आगामी 37 दिनों के लिए बंद करने का निर्देश जारी किया गया है, जिससे लोगों को काफी असुविधा होगी। इस ट्रेन के माध्यम से न सिर्फ दूसरे शहरों में जाने हेतु लोग यात्रा करते थे, बल्कि अंबिकापुर से सूरजपुर एवं उस रूट के अन्य क्षेत्रों में शासकीय एवं निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारी नियमित अपनी सेवा देने हेतु भी आवाजाही करते थे। इस ट्रेन का परिचालन अचानक बंद किए जाने से लोगों की दिक्कतें काफी बढ़ गई हैं। उपरोक्त विषय में मेरा अनुरोध है कि जारी आदेश 28 मार्च से 3 मई तक अंबिकापुर-जबलपुर-अंबिकापुर ट्रेन के परिचालन को बंद करने पर पुन: विचार करते हुए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर शीघ्र परिचालन शुरू करें, जिससे यात्रियों को हो रही परेशानी से मुक्ति मिले।

Categorized in: