पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा, पिकअप व मोटरसाइकिल जब्त

अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नशेडिय़ों के लिए इंजेक्शन व कफ सिरप की तस्करी करने वाले दो अंतर्राज्यीय एवं दो स्थानीय ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस की दो बड़ी कार्रवाई की। नए वर्ष में पुलिस ने जगह-जगह पिकेट लगाकर अवैध नशे का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी तारतम्य में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशे के विरूद्ध अभियान नवा बिहान के तहत आरोपियों से 1750 नग नशीला इंजेक्शन एवं 160 नग नशीला कफ सिरप जब्त करने में सफलता मिली। कार्रवाई दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन पिकअप एवं मोटरसाइकिल को जब्त किया है। पुलिस ने बताया जब्त किए गए इंजेक्शन व सिरप की कीमत आठ लाख 70 हजार रुपये है।
पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में नए वर्ष के मौके पर नशे के विरूद्ध अभियान नवा बिहान के तहत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक डॉ.प्रशांत देवांगन एवं थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक कलीम खान ने अवैध नशीले पदार्थों की जब्ती के लिए पुलिस टीम को सतर्क किया था। ऐसे कारोबारियों पर नजर रखने अपने सूचनातंत्र को भी पुलिस एलर्ट की थी। नए वर्ष को लेकर चौकन्नी गांधीनगर पुलिस कोएक जनवरी 2023 की रात गश्त के दौरान गढ़वा झारखंड से अवैध नशीला पदार्थ शहर में लाकर खपाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लिया और तत्काल झारखंड से आने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल को तैनात कर दिया। वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। देर रात झारखंड से उत्तर प्रदेश होते लटोरी मार्ग से आती हुई बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक जेएच 03 क्यू 0259 चठिरमा बेरियर के पास पुलिस रोकने का प्रयास की लेकिन वाहन चालक पुलिस को देख कर वाहन सहित तेज रफ्तार में भागने लगा। पुलिस टीम कुछ दूरी पर घेराबंदी कर पिकअप वाहन को रोकने में सफल हो गई। वाहन चालक नवलेशधर दुबे निवासी नवाडीह गढ़वा, झारखंड व सह चालक कपिलदेव पासवान निवासी टांगरडीर गढ़वा झारखंड से पुलिस ने वाहन नहीं रोकने का कारण जानने का प्रयास किया लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पिकअप की तलाशी में तीन कार्टून पुलिस के हाथ लगा, जिसे खोलवाकर देखने पर इसमें अलग-अलग नाम से 1300 नग व 450 नग नशीला इंजेक्शन एवं 160 नग नशीला कफ सिरप मिला। वाहन सहित इसे पुलिस ने कब्जे में लिया और आरोपियों से पूछताछ कर नशे के लिए इंजेक्शन व सिरप की खेप भेजने वालों के मांद तक पहुंचने की तैयारी में है। जब्त नशीली इंजेक्शन व सिरप की कीमत आठ लाख रुपये है। आरोपियों के विरूद्ध धारा 22 (सी) एनडीपीएस एक्ट कायम कर इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

Categorized in: