मृतक की पत्नी थाना पहुंची तो पता चला दुर्घटनाकारित वाहन की नहीं हुई पहचान
पति को खो चुकी पीड़िता व स्वजन पहुंचे पुलिस अधीक्षक के पास

गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। लगभग एक माह पूर्व ट्रक से हुई दुर्घटना में युवक की मौत के बाद पुलिस के द्वारा दर्ज अपराध में अज्ञात वाहन का उल्लेख पुलिस ने किया है, जबकि दुर्घटनाकारित ट्रक का नंबर पुलिस को उपलब्ध कराया गया था। इसकी शिकायत शुक्रवार को मृतक की पत्नी व स्वजन ने पुलिस अधीक्षक से की है।


स्वजन ने बताया है कि मृतक विकास पंडो 28 वर्ष गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़नीझरिया का रहने वाला था। 18 जून को गांधीनगर थाना क्षेत्र में ट्रक क्रमांक एनएच 01 ए 3613 की टक्कर से उसकी मौत हो गई थी। 18 जुलाई को मृतक की पत्नी थाना गांधीनगर पहुंचकर उक्त अपराध के संबंध में प्रतिलिपि लेने पहुंची तो गांधीनगर थाना प्रभारी द्वारा बताया गया कि दुर्घटनाकारित वाहन की पहचान नहीं हो पाई है। मामले में अज्ञात वाहन पर अपराध दर्ज किया गया है। वहीं मृतक की पत्नी इंद्रमनिया का कहना है कि घटना दिवस उसके पति की मौत ट्रक क्रामंक एनएच 01 ए 3613 की टक्कर से हुई थी। घटनास्थल पर काफी देर तक ट्रक व उसके पति का बाइक वहीं पर था, इसके बावजूद अज्ञात पर अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस की संदिग्ध कार्यप्रणाली की शिकायत शुक्रवार को मृतक की पत्नी व स्वजन ने एसपी योगेश पटेल से की है और मामले की जांच सहित संबंधित वाहन चालक के विरूद्ध अपराध दर्ज कराने की मांग की है।

Categorized in: