शराब पीने के बाद दोनों के बीच हुआ था विवाद, पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजी

गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के राजपुर थानांतर्गत ग्राम बगाड़ी में गुरुवार की रात एक ग्रामीण ने शराब सेवन के बाद हुए विवाद से क्षुब्ध होकर सो रही पत्नी का टांगी से गला काट दिया, वहीं शरीर के अन्य हिस्से में ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर वह फरार हो गया था। सुबह जब गांव के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, तो घेराबंदी कर आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया। हत्यारे पति को पुलिस ने जेल भेज दिया है।


जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगाड़ी निवासी सुरेश गिरी पिता सोहन गिरी 54 वर्ष व उसकी पत्नी सोनवा गिरी 50 वर्ष के चार बेटे हैं, जो किसी काम के सिलसिले में बाहर गए हैं। गुरुवार की देर शाम घर में पति-पत्नी ने एक साथ शराब पिया, इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोपी की पत्नी सोनवा गिरी कमरे में अकेले सोने के लिए चली गई थी। देर रात पति सुरेश गिरी उठा और टांगी लेकर पत्नी के कमरे के पास पहुंच गया। दरवाजा अंदर से बंद था और वह छप्पर से रास्ता बनाकर अंदर घुस गया, इसके बाद सो रही पत्नी के गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्से में टांगी से प्रहार करके उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया था। सुबह लोगों ने महिला की लाश देखी और इसकी सूचना पुलिस को दी। राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची व घटनास्थल जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। आरोपी पति को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गांव से ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Categorized in: