पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार करके ट्रक जप्त किया  

गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाइवे पर शुक्रवार को दोपहर बाद हुए दर्दनाक सड़क हादसे मेें रिश्तेदार पुरूष व मां-बेटे की जान चली गई। दुघर्टनास्थल का परिदृश्य ऐसा था, जिसे देखकर लोगों के होश उड़ गए। मौके पर मृत पड़ी महिला का हाथ कटकर अलग हो गया था। सड़क में अंग-भंग शरीर का परिदृश्य देखने के बाद दर्दनाक हादसे का मंजर सामने आ रहा था। क्षत-विक्षत शव को देखने की लोग हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे, वहीं रास्ते से गुजर रहे बाइक सवारों द्वारा मृतकों का मोबाइल लेकर फरार होने की हवा फैल रही थी, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से मृतकों के स्वजन सदमे में हैं।
अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाइवे में आए दिन हादसों में सड़कें खून से लाल हो रही हैं। इसी तारतम्य में शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मंगारी में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शव टुकड़ों में सड़क पर बिखर गए। मृतकों के शिनाख्त के प्रयास में लगी पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद इनकी पहचान बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटको निवासी मनियारो पति दिनेश 42 वर्ष व उसके सात वर्षीय पुत्र किशन के रूप में की, जो रिश्तेदार के यहां ग्राम उलकिया गई थी और रिश्तेदार 22 वर्षीय आकाश के मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 एजेड 2935 में सवार होकर मां-बेटे घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच पर ग्राम मंगारी के पास सीतापुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक यूपी 80 एचटी-7573 ने उन्हें टक्कर मार दी। तीनों सड़क पर गिर गए और ट्रक का चालक इन्हें रौंदते हुए निकल गया। दर्दनाक हादसे में मां-बेटे और रिश्तेदार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतविक्षत शवों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाई।

Categorized in: