वायरल वीडियो से अव्यवस्थाओं के बीच महोत्सव का परिदृश्य सामने आया

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित रामगढ़ में दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का आयोजन के बीच कुछ महिलाओं की बेदम पिटाई का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो अव्यवस्थाओं के बीच संपन्न हुये रामगढ़ महोत्सव का प्रतीत हो रहा है। वीडियो में युवाओं और महिलाओं की भीड़ 3 महिलाओं की बेदम पिटाई करते नजर आ रही है। कुछ लोग महिलाओं पर कुर्सियों से ताबड़तोड़ प्रहार कर रहे हैं, जिसमें एक महिला के सिर से खून का रिसाव होने लगा। महिलाएं माफी मांगती भी नजर आ रही हैं, बाद में कुछ लोग इन्हें बचाते भी दिख रहे हैं। मारपीट का कारण चोरी का संदेह बताया जा रहा है।

बता दें कि, भीड़भाड़ वाले स्थलों पर संदेही महिलाओं का गिरोह सक्रिय रहता है। कई बार महिलाओं के गले से चेन पार होने, पर्स गायब होने जैसे मामले सामने आते रहते हैं। महिला होने के कारण कई इन्हें भीड़ के बीच प्रवेश करने में दिक्कत नहीं जाती है। रामगढ़ महोत्सव में मुख्यमंत्री के आगमन दौरान अच्छी खासी भीड़ जमा थी। बताया जा रहा है कि मारपीट की शिकार 3 महिलाएं भी चोरी का प्रयास कर रही थीं। कुछ लोगों की नजर इन पर पड़ी और हल्ला मचाकर लोगों को सावधान किया गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने इन महिलाओं को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। कुछ लोगों ने इन पर कुर्सियां बरसाया, जिसमें ये जख्मी हो गईं। महिलाओं की पिटाई का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, हालांकि इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।

काफी देर तक मारपीट, पुलिस को नहीं लगी भनक

वायरल वीडियो में जिन महिलाओं की पिटाई की गई, उनमें से एक के सिर से खून बहते दिखाई दे रहा है। गमछे से सिर ढंककर खून रोकने का प्रयास कर रही ये महिलायें माफी मांगते हुये दिखाई दे रही हंै। कुछ लोग इन्हें भीड़ से बचाते नजर आ रहे हैं। हालांकि घटना की शिकायत समाचार लिखे जाने तक किसी थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। बड़ी बात यह है कि रामगढ़ महोत्सव के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से काफी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। मौके की स्थिति को देखने से आभास होता है कि काफी देर तक मारपीट का क्रम चला, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग पाई।

Categorized in: