अंबिकापुर। बर्तन, जेवर साफ करने के पावडर का डेमो दिखाने का झांसा देकर अज्ञात व्यक्ति सोने का चेन लेकर रफूचक्कर हो गया। घटना की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक जवाहर मार्केट निवासी इन्दु सिंघानिया के घर का दरवाजा 20 मार्च को दोपहर 11.40 बजे से 12.10 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति खटखटाया। महिला दरवाजा खोली तो उसने पीतल, तांबा का बर्तन साफ करने के लिए डेमो पावडर दिखाने का झांसा दिया और कहा कि कोई भी ऐसा बर्तन हो तो साफ करा लीजिए। जब वह घर से पीतल का दीपक जलाने वाला दिया लाई, तो उसे पावडर से साफ करके दिखाया। इसके बाद वह कहा कि चांदी का मूर्ति और जेवर भी इस पावडर से साफ हो जाएगा। महिला उसे भगवान की मूर्ति के ऊपर का चांदी का छतरी घर से लाकर दी, जिसे वह चकाचक करके दिखा दिया। महिला को पूरी तरह से विश्वास में लेने के बाद वह कहा कि सोने का आभूषण भी इस पावडर से अच्छे से साफ हो जाएगा। इस पर इन्दु अपने गले में पहने सोने का लगभग 30-35 ग्राम का चैन उसे साफ करने के लिए दे दी। सोने की चेन लेने के बाद वह महिला के घर के स्टील के डिब्बे में पानी डालने के बाद कोई केमिकल डाला, उसके बाद हल्दी पाउडर डाल दिया। इसके बाद वह बर्तन में रखे चेन को गैस में गर्म करने कहा। जब वह स्टील के डिब्बे को गैस चुल्हे में गर्म करने लगी तो वह व्यक्ति रसोई तक देखने गया और हल्दी पाउडर कम है, कहते हुए दो चम्मच और डालने के लिए कहा। महिला हल्दी पाउडर लेने गई, दो चम्मच हल्दी पावडर और डलवाने के बाद वह उसे पांच मिनट तक गर्म करने के बाद निकाल लेने की बात कहकर चले गया। पांच मिनट बाद जब वह स्टील के डिब्बे में सोने के चेन निकालने गई तो उसमें चेन नहीं था। महिला ने संदेह व्यक्त किया है कि हल्दी पावडर निकालने के दौरान वह व्यक्ति सोने का चेन निकाल लिया। घटना के दौरान महिला के पति अनूप सिंघानिया भी घर में थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज करके विवेचना में लिया है।

Categorized in: