अलसुबह 4 राजस्व निरीक्षकों के घरों में दबिश, मामला आरआई परीक्षा के पेपर लीक से जुड़ा

अंबिकापुर। राजस्व निरीक्षक की परीक्षा पूर्व पेपर लीक होने का़ तार अंबिकापुर से जुड़ा पाए जाने पर चार राजस्व निरीक्षकों के निवास में ईओडब्ल्यू व एसीबी की टीम ने संयुक्त छापामार कार्रवाई की है। जांच टीम के द्वारा इनके यहां से अहम दस्तावेजों को बरामद करने की खबर है। बुधवार को सुबह 5 से 6 बजे के बीच ईओडब्ल्यू व एसीबी की चार टीमें शहर के अलग-अलग इलाके में रहने वाले राजस्व निरीक्षकों के घर में दस्तक देने पहुंच गई थी। पुलिस के जवान घर के बाहर तैनात कर दिए गए थे, ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति घर के अंदर चल रही कार्रवाई में किसी प्रकार का दखल ना दे सके। तीन राजस्व निरीक्षक अपने-अपने घरों में थे, कनकनी भरी ठंड के बीच जब उनकी नींद खुली तो दरवाजे में अधिकारी खड़े थे। एक की पदस्थापना बस्तर जिला में होने के कारण राजस्व निरीक्षक तो नहीं मिले, लेकिन इनके घर में भी दस्तावेजों को खंगालने की खबर है।

 


जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व विभाग में राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति के लिए 7 जनवरी 2024 को परीक्षा का आयोजन किया गया था, जिसका परिणाम 29 फरवरी 2024 को घोषित किया गया। आरोप है कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक कर दिया गया। परीक्षा में शामिल कई परीक्षार्थी आपस में रिश्तेदार थे, जिनका चयन राजस्व निरीक्षक के लिए हुआ था। पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद पांच सदस्यीय जांच कमेटी ने पुन: परीक्षा आयोजित कराने की सिफारिश की थी। इधर मामले को कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा में उठाया था। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज करके ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही थी। इस बीच जांच में सामने आया था कि कुछ परीक्षार्थियों के ओएमआर सीट पर मोबाइल नंबर लिखा हुआ था, जो परीक्षा की गोपनीयता की दृष्टि से गलत था। इसके बाद बुधवार, 19 नवम्बर को छत्तीसगढ़ में 20 स्थानों पर एक साथ छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें अंबिकापुर निवासी चार राजस्व निरीक्षक महुआपारा निवासी गौरीशंकर, पदस्थापना स्थल कोंडागांव बस्तर, फुंडुरडिहारी अंबिकापुर निवासी नरेश मौर्य व बौरीपारा शिकारी रोड निवासी धरम देव लकड़ा, पदस्थापना स्थल भू अभिलेख शाखा अंबिकापुर व कोणार्क सिटी निवासी अभिषेक सिंह, पदस्थापना स्थल सूरजपुर शामिल हैं। तीन राजस्व निरीक्षक तो ईओडब्ल्यू व एसीबी की टीम के पहुंचने के दौरान अपने घरों में नींद में अलसाये मिले, लेकिन गौरीशंकर घर में नहीं थेे। सभी पटवारी से राजस्व निरीक्षक बने हैं। सूत्रों का कहना है कि अंबिकापुर में जिन चार राजस्व निरीक्षकों के निवास में जांच टीम पहुंची है, इनसे परीक्षा लीक और रुपये लेन-देन के सभी पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच टीम के द्वारा पहरे के बीच बंद कमरे में की जा रही पूछताछ में क्या सामने आया, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

Categorized in: