न्यायालय के आदेश पर भूमि बंटवारा के लिये नाप करते समय की घटना

अंबिकापुर। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायालयीन आदेश के पालन में जमीन का नाप करने गये पटवारी से शासकीय दस्तावेजों को छीनकर मारपीट करने और शासकीय कार्य में व्यवधान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों के विरूद्ध नामजद अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत लब्जी, हल्का नंबर 27 के पटवारी सुबोध लकड़ा पिता युसुफ लकड़ा न्यायालय नायब तहसीलदार कुन्नी, लखनपुर के आदेश दिनांक 25.06.2025 के परिपालन में न्यायालय के राजस्व प्रकरण के पक्षकार घनश्याम आ. स्व. भगू वगैरह के ग्राम कोटबर्रा स्थित भूमि का फर्द बंटवारा करने हेतु 02.07.2026 को ग्राम पंचायत लब्जी के ग्राम कोटबर्रा गये थे। बंटवारा की प्रक्रिया के दौरान जगदीश पिता बलदेव, बलदेव पिता बुढ़नसाय, विष्णु पिता बुढ़नसाय, सहत राम पिता घुराउ, कंतर पिता बराहील, सभी निवासी ग्राम सेलरा के द्वारा शासकीय कार्य में व्यवधान पहुंचाते हुये गाली-गलौज करते हुये जान से मारने की धमकी देकर, हाथ-मुक्का से मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। इनके द्वारा पटवारी से शासकीय दस्तावेजों को छीन लिया गया एवं कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करने दिया गया। घटना के समय गांव के संतोष, मनोज, घनश्याम, सहदेव, घासी सहित ग्राम सेलरा एवं कोटबर्रा के अन्य ग्रामीण उपस्थित थे। इनके द्वारा बीच-बचाव किया गया। इसकी जानकारी राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पटवारी ने घटना की रिपोर्ट लखनपुर थाना में दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 121, 191(2), 221, 296(इ), 351(3) का मामला दर्ज कर लिया है, और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: