अंबिकापुर। मोबाइल टॉवर लगवाने के नाम पर ग्रामीणों से 4 लाख 47 हजार 700 रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत पर सीतापुर थाने में पुलिस ने मामला दर्ज करके विवेचना में लिया है।
सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलाईनगर निवासी अवधेश कुमार गुप्ता पिता स्व. रामदास गुप्ता ने थाने में प्रेषित किए गए लिखित आवेदन में बताया है कि ग्राम डांगबुड़ा के रामकेश्वर दास महंत पिता नोहर दास महंत, जुगनू दास महंत पिता नोहर दास महंत, ग्राम सुर निवासी राकेश कुमार महंत पिता राजेन्द्र दास महंत नवम्बर 2023 में उसके घर आए और उनके जमीन में टॉवर लगवाने का झांसा देते हुए जमीन दिखाने के लिए कहा। जमीन देखने के बाद तीनों उसे गुमराह करते हुए अपने विश्वास में ले लिए, अन्य व्यक्तियों को भी चंगुल में फंसाया, और एक टॉवर लगवाने के लिए 45 हजार रुपये और 10 हजार रुपये खाता खोलवाने का जमा कराया। इनके द्वारा कहा गया कि एक टॉवर लगाने में कंपनी 27 लाख रुपये देगा। इस प्रकार झूठा आश्वासन देकर इन्होंने अवधेश कुमार गुप्ता से 1 लाख 85 हजार 500 रुपये, गुटीलाल लकड़ा निवासी डांगबुड़ा से 87 हजार 200 रुपये, अजय कुमार पैंकरा निवासी कोटछाल से 55 हजार रुपये, शिवा कुजूर/प्रेमसाय निवासी डांगबुड़ा से 55 हजार रुपये, सैनाथ राठिया निवासी जामकानी से 35 हजार रुपये, सुशील तिर्की से 20 हजार रुपये, श्याम कुमार से 10 हजार रुपये, कुल 4 लाख 47 हजार 700 फोन पे एवं नगद ले लिया। इसके बाद सभी टॉवर लगने का इंतजार करते रहे। टॉवर नहीं लगने पर इन्होंने ठगों से संपर्क किया, तो वे इन्हें गुमराह करते और रुपये ऐंठने की नियत बनाकर रखे थे। ठगी का एहसास होने पर इन्होंने आरोपियों के विरूद्ध थाने में मामला दर्ज कराया है, जिस पर पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: