दुर्गंध आने पर मिली जानकारी, जेसीबी से पत्थर को हटवाकर शव निकाला गया

 

लखनपुर। थाना अंतर्गत ग्राम कटकोना और अमेरा खदान के सरहद पर अवैध कोयला खनन के दौरान पत्थर में दबने से ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दी है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम कटकोना और अमेरा खदान की सरहद पर 24 अप्रैल, शुक्रवार की सुबह नदी किनारे से अजीब दुर्गंध आने पर ग्रामीण करीब जाकर देखे तो पत्थर के नीचे ग्रामीण दबा हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी मशीन के मदद से पत्थर को हटवाकर मृतक के शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान जयप्रकाश पिता सुबरन, निवासी ग्राम लोसंगी थाना लखनपुर निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक प्रतिदिन की भांति 22 अप्रैल, बुधवार को सुबह कोयला लेने खदान क्षेत्र गया था। कोयला खोदाई करने के दौरान ऊपर से गिरे पत्थर में ग्रामीण दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल मामले में पुलिस मर्ग कायम करते हुए जांच में जुटी है। घटना के बाद स्वजन में शोक का माहौल है।

घुनघुट्टा नदी किनारे सैकड़ों गड्ढे

अमेरा खदान से लगे घुनघुट्टा नदी के किनारे कोयला माफियाओं के द्वारा ग्रामीणों की मदद से सैकड़ों की संख्या में अवैध सुरंग बना दिया गया है, और यहां से कोयले का अवैध उत्खनन करके बड़े पैमाने पर तस्करी कर रहे हंै। अवैध कोयला उत्खनन और परिवहन को लेकर शासन-प्रशासन अंकुश लगाने में विफल है।

बाइक से कोयला की तस्करी

अमेरा खदान क्षेत्र में कोयला परिवहन करने बाइकों का रेला लगा होता है। प्रतिदिन सुबह 4 बजे से सैकड़ों की संख्या में बाइकर्स अमेरा खदान की सीमा पर पहुंचते हैं और जूट के बोरे में कोयला भरकर बाइक से परिवहन करते हुए ईंट भट्टों में खपाने पहुंच जाते हंै। इससे प्रतिदिन शासन को लाखों रुपये का राजस्व नुकसान हो रहा है।

Categorized in: