अंबिकापुर। संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में भारी अव्यवस्था और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर कड़ा रुख अपनाते हुए कई अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उदारी का निरीक्षण करने के दौरान यहां की स्थिति सुबह 11 बजे तक संतोषजनक नहीं पाई गई। संस्थान में साफ-सफाई का अभाव मिला और दवाओं का रख-रखाव भी सही ढंग से नहीं किया गया था। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.एस. तोमर, कंप्यूटर ऑपरेटर शोएब और एक सफाई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जबकि क्षेत्र सहायक अधिकारी लक्ष्मण गुप्ता को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर 3 दिनों के भीतर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। उपस्थित नहीं होने पर उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर के निरीक्षण में भी इसी तरह की खामियां मिलीं। यहां सफाई व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए गए। वार्ड बॉय यन्तेश्वर राजवाड़े पिछले 3 दिनों से बिना सूचना के अनुपस्थित पाया गया, जिसे नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

Categorized in: