केंद्रीय जेल अधीक्षक ने एसपी को पत्र लिखकर कहा-पुलिसकर्मी कर रहे निर्देशों की अवहेलना
अंबिकापुर। केंद्रीय जेल परिसर में पुलिस कर्मियों के द्वारा लाए गए एक बंदी के द्वारा मोबाइल से बात करने का मामला सोशल मीडिया की सुर्खियां बनने के बाद जेल अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को पत्र लिखा है और अवगत कराया है कि नव प्रवेश बंदियों को जेल प्रवेश कराते समय पुलिस कर्मचारियों के द्वारा नियमों को अनदेखा किया जाता है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि जेल परिसर प्रतिबंधित क्षेत्र की श्रेणी में आता है। यहां पर मोबाइल एवं अन्य इलेक्टॉनिक गजट का उपयोग करना प्रतिबंधित है। प्राय: देखा जाता है कि बंदियों को जेल प्रवेश कराते समय पुलिस कर्मचारियों द्वारा हिदायत देने के वावजूद उक्त निर्देशों की अवहेलना की जाती है, जिसका प्रमाण सोशल मीडिया में वायरल विडियो क्लिप है, जिसमें नव प्रवेश हवालाती बंदी अंश पंडित उर्फ जय आदित्य तिवारी को जेल प्रवेश कराते समय पुलिस कर्मचारियों द्वारा उसको मोबाइल से बात कराते हुए दिखाया गया है। विडियो के वायरल होने से पुलिस एवं जेल प्रशासन के विरूद्ध अनावश्यक दुष्प्रचार हो रहा है, जो स्वच्छ प्रशासनिक व्यवस्था के विपरीत है। उन्होंने आग्रह किया है कि नव प्रवेश बंदियों को जेल प्रवेश कराते समय पुलिस कर्मचारियों को जेल परिसर में इस तरह के अवैध गतिविधियों का संचालन नहीं करने की सख्त हिदायत दी जाए।

Categorized in: