फार्म हाउस में जाकर मारपीट, इधर रैली दौरान आगजनी और तोड़फोड़

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना अंतर्गत ग्राम डूमरडीह में वाहनों की सामान्य टक्कर ने देखते ही देखते हिंसा का रूप ले लिया। घटना की शुरुआत 2 अप्रैल को उस समय हुई, जब रोहितेश्वर प्रताप सिंह अपनी कार से ग्राम ककनी में स्थित फार्म हाउस जा रहे थे। रास्ते में डूमरडीह नाले के पास उनकी कार की टक्कर कादिर खान के ऑटो से हो गई। यह एक सामान्य सड़क दुर्घटना थी, इसके बाद उपजे विवाद ने पूरे क्षेत्र की शांति भंग कर दी। कादिर खान ने पहले तो फार्म हाउस जाकर गाली-गलौज किया, बाद में अपने साथियों के साथ मिलकर इस विवाद को हिंसक मोड़ दे दिया।

विवाद तब और गहरा गया जब रोहितेश्वर, डूमरडीह हाईस्कूल के पास पहुंचे और कादिर खान ने उनका रास्ता रोक लिया। यहां से बचकर जब रोहितेश्वर वापस अपने फार्म हाउस लौटे, तो कुछ ही देर बाद कादिर खान अपने साथी मोहम्मद खान, हयात खान, अल्ताफ खान और फरहान खान के साथ वहां आ धमका। आरोपियों ने न केवल रोहितेश्वर के साथ मारपीट की, बल्कि उनकी कार को भी पत्थरों और डंडों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि हमले के दौरान आरोपियों ने उकसाने वाले धार्मिक नारे भी लगाए, जिससे क्षेत्र का माहौल गरमा गया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर धौरपुर पुलिस ने 4 अप्रैल को मामला दर्ज किया। रविवार की सुबह पुलिस ने डूमरडीह में घेराबंदी करके मुख्य आरोपी कादिर खान सहित पांचों नामजद हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं, जिनमें मारपीट और शांति भंग करना शामिल है, के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का उद्देश्य स्थिति को और बिगड़ने से रोकना था।

भड़की हिंसा, ऑटो व गुमटियों में आगजनी

आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद रविवार को दोपहर में स्थिति अनियंत्रित हो गई। आक्रोशित हिंदू समाज के युवकों ने डूमरडीह में एक बड़ी विरोध रैली निकाली। इस दौरान भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा और प्रदर्शनकारियों ने मुस्लिम समुदाय के एक व्यक्ति की ऑटो और गुमटी को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, सड़क पर खड़ी एक बस में भी तोड़फोड़ की गई। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई। आगजनी और तोड़फोड़ की इन घटनाओं ने प्रशासनिक अमले की चुनौतियों को और बढ़ा दिया।

पुलिस बल की तैनाती से गांव बना छावनी

आगजनी की घटना के बाद मुस्लिम समुदाय ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने दंगा भड़काने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। एहतियात के तौर पर अंबिकापुर पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाकर डूमरडीह को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फिलहाल, उच्च अधिकारियों की निगरानी में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

अफवाहों से बचेें और सौहार्द्र बनाए रखें

वर्तमान में डूमरडीह की गलियों में सन्नाटा पसरा है और भारी संख्या में पुलिस बल गश्त कर रही है। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एक छोटी सी घटना, संवाद की कमी और उग्र भावनाओं के कारण बड़े सांप्रदायिक तनाव में कैसे बदल सकती है, घटनाक्रम से यह सामने आ रहा है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच सुलह और स्थायी शांति स्थापित कायम रहे, इस प्रयास में जुटी है

Categorized in: