अंबिकापुर। चिटफण्ड के मामले में थाना लखनपुर पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनके द्वारा ग्रामीणों से लाखों रुपये इन्वेस्ट कराने के बाद पावती देकर कंपनी बंद कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक श्रीमति फुलेश्वरी बुनकर निवासी ग्राम मदगुरी, थाना कोरंधा जिला बलरामपुर वर्तमान में गोधनपुर अंबिकापुर में रहती है। महिला 28.07.2023 को थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2011 में मेगा मोल्ड इंडिया लिमिटेड (सब्सिडरी ऑफ आईकोर सर्विस लिमिटेड) 54/2 रफी अहमद किदवई रोड कोलकाता, वेस्ट बंगाल के संचालक अनुकूल मैती, कणिका मैती एवं स्वप्न राय सभी निवासी कलकत्ता के द्वारा केदारपुर अंबिकापुर में कार्यालय खोला गया था। इनके द्वारा सरगुजा संभाग के सभी जिले, गांव में पदाधिकारी एवं एजेंट की नियुक्ति करके लखनपुर क्षेत्र के ग्रामीणों से लाखों रुपये आईकोर रिजु सिमेंट लिमिटेड, आईकोर ई-कॉमर्स, आईकोर अपारेयल, आईकोर मेगा गोल्ड इंडिया लिमिटेड कंपनी के खाते में इन्वेस्ट कराया गया। रकम जमा करवाने के बाद पावती रसीद एवं डिवेयर सर्टिफिकेट दिया गया था। कंपनी के कर्ताधर्ता करीब छह माह तक ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्र के महिला एवं पुरुषों को क्षेत्र का पदाधिकारी एवं एजेंट नियुक्त करके इनके माध्यम से पैसे की वसूली किए। झांसे में आकर 15.02.2011 को फुलेश्वरी बुनकर भी 5 लाख रुपये अंबिकापुर कार्यालय मेें जमा करा दी और मैनेजर के द्वारा इसका पावती दे दिया गया था। रिपोर्ट पर थाना लखनपुर में धारा 420, 34 भा.द.वि. एवं छत्तीसगढ़ निक्षपेकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2000 की धारा 10 तथा ईनामी चिटफंड धन परिचालन स्कीम (पाबंदी) अधिनियम 1978 की धारा 4, 5, 6 कायम करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। पुलिस टीम प्रार्थी एवं गवाहों का कथन लेकर कम्पनी का बांड पेपर व दिए गए पावती जप्त करके नामजद आरोपी के ठिकाना, कलकत्ता, पश्चिम बंगाल जाकर दबिश दी। यहां से कनिका मैती पति स्व. अनुकूल मैती 56 साल निवासी 71 टावर, 34 जी साउथ सिटी काम्पलेक्स जाधवपुर कोलकाता व स्वप्न राय पिता पुनी भूषण राय 55 साल निवासी राज राजस्वपुर, जिला साउथ 24 परगना कोतकाता पश्चिम बंगाल को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की तो इन्होंने चिटफंड का कारोबार करना स्वीकार किया। आरोपियों को प्रकरण में गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया। प्रकरण के मुख्य आरोपी अनुकूल मैती की मृत्यु वर्ष 2020 में हो चुकी है, मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, उप निरीक्षक के.के. यादव, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक निशिकांत एक्का, प्रधान आरक्षक रुस्तम सिंह, महिला आरक्षक अमरावती राजवाड़े, मनीता तिग्गा, आरक्षक शिव राजवाड़े, जगेश्वर बघेल, असलम अंसारी, राकेश एक्का सक्रिय रहे।

Categorized in: