बिश्रामपुर। ग्राम पंचायत डेडरी में स्थित आदिवासी कन्या आश्रम की एक मासूम आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। गौरतलब है कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुरता निवासी 9 वर्षीय छात्रा कुमारी खुशमनी सिंह पिता मनोज सिंह गोंड जो कक्षा दूसरी की छात्रा थी। छात्रा सुरजपुर ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत डेडरी में संचालित आदिवासी कन्या आश्रम में यहां पर दो वर्षों से रहकर पढ़ाई करती थी। 8 नवंबर को छात्रा के गाल में सूजन आने पर आश्रम कर्मचारी द्वारा बेलाडोना पट्टी चिपका दिया गया था। जिसके बाद छात्रा अपने कक्षा में पढ़ाई करने चली गई थी। कक्षा से शाम को वापस लौटने उपरांत देर रात जब आश्रम की चपरासी जशवंती राजवाड़े ने छात्रा के पास जाकर कुशल क्षेम पूछी थी। इसके बाद छात्रा जब 9 नवंबर को सोकर सुबह करीब पौने छह बजे तक नहीं उठी तब आश्रम के कर्मचारियों द्वारा छात्रा को तत्काल संजीवनी 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिश्रामपुर में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से उसके गांव में शोक का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आखिर उसके केवल गाल में सूजन आने से कैसे मौत हो गया है, यह समझ से परे है। ग्रामीणों द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की गई है।

Categorized in: