मंगलवार को देर शाम सीतापुर तहसील कार्यालय के पास हुआ हादसा
girija thakur

अंबिकापुर। मंगलवार को देर रात सीतापुर से बाइक में घर लौट रहे तीन किशोरों को ट्रक चालक चपेट में ले लिया। गंभीर स्थिति में क्षेत्रीय अस्पताल से रेफर करने पर दो किशोरों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया था, यहां पहुंचने पर चिकित्सक ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया, दूसरे साथी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को देर रात लगभग 11 बजे तीन नाबालिग बाइक क्रमांक सीजी 15 डीवाई 5048 में सीतापुर से घर जाने के लिए निकले थे। तहसील कार्यालय सीतापुर के पास बाइक सवार किसी ट्रक की चपेट में आ गए थे। दुर्घटना में सुशांत मिंज पिता गुड्डू मिंज 17 वर्ष लंगड़ासांड व सचिन लकड़ा पिता हिर्मोन लकड़ा निवासी उरांवपारा, आनंद पैकरा पिता लक्ष्मण पैकरा 17 वर्ष निवासी मुलाजिमपारा को चोटें आई थी। सूचना मिलने पर डॉयल 112 वाहन के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीतापुर पहुंचाई। सुशांत मिंज और आनंद पैकरा की गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया। इन्हें संजीवनी 108 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, लेकिन घायल सुशांत दम तोड़ दिया था। आनंद पैकरा को अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती किया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद सचिन की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से छुट्टी कर दी गई है।
स्वजन ने बताया परीक्षा फार्म भरने आया था सीतापुर
मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हुई सुशांत की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर स्वजन का बयान लिया है। इन्होंने बताया है कि सुशांत मिंज मंगलवार को अपने दोस्त आनंद पैकरा के साथ कक्षा 10वीं का ओपन परीक्षा फार्म भरने के लिए सीतापुर आया था। देर रात 10 बजे वे बाइक से वापस घर आ रहे थे, इस दौरान सीतापुर तहसील के पास ट्रक की चपेट में आ गए थे।

Categorized in: