शराब पीकर वाहन चलाने और दोपहिया में तीन सवारी चलने पर पुलिस करेगी वाहन जप्त
अंबिकापुर। होली पर्व पर हुड़दंग और मस्ती करने वालों को इस बार सावधान रहना होगा, क्योंकि माहौल खराब करने वाले लोगों के प्रति पुलिस सख्त रहेगी। पुलिस होली और रमजान पर्व को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन में थाना, पुलिस चौकी के अलावा बीट के अधिकारियों के माध्यम से शांति समिति की बैठकों में जनप्रतिनिधियों और गणमान्यजनों के माध्यम से यह संदेश हुल्लड़बाजों तक पहुंचाने में लगी है कि होली पर्व के दौरान धार्मिक भावनाओं का ख्याल रखें, किसी पर जबरन रंग न डालें, चाहे वह किसी भी धर्म, संप्रदाय का क्यों न हो?
बैठक में जनप्रतिनिधियों का सुझाव भी पुलिस ने लिया है, ताकि वे शांति और सद्भाव की दृष्टि से रंगीन होली पर्व शांतिपूर्वक मनाने का संदेश आम जन तक पहुंचा सकें। अच्छी बात यह है कि होली पर्व के दौरान हुड़दंग मचाते या शराब के नशे में वाहन चलाकर आमजन को जोखिम में डालते कोई पाया गया, तो पुलिस संबंधितों के वाहनों को जप्त करने के साथ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करेगी। दोपहिया वाहन में तीन सवारी चलते पाए जाने पर भी पुलिस वाहन जप्त करेगी। इस दौरान किसी जनप्रतिनिधि या प्रभावशाली व्यक्ति का सोर्स, सिफारिश काम नहीं आएगा। कोतवाली थाना में हुई बैठक के दौरान थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने अपनी भावनाओं से जनप्रतिनिधियों को अवगत करा दिया है। इस दौरान उपस्थित तहलसीदार उमेश्वर सिंह बाज ने भी सभी से शांतिपूर्वक सौहार्द्रपूर्ण माहौल में होली मनाने की अपील की है। बैठक के दौरान निगम के सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी के अलावा अभिषेक शर्मा, पार्षद विजय सोनी, हसन खान, पपिन्दर सिंह, विकास पांडेय सहित अन्य पार्षद उपस्थित थे।

Categorized in: