अंबिकापुर। चोरी की अलग-अलग घटनाओं में चोरों ने लखनपुर में स्थित एक हार्डवेयर दुकान से 2 लाख 48 हजार 500 रुपये नकद चोरी कर लिया। अन्य घटनाओं में अंबिकापुर के कोतवाली और गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक घर से दरवाजे में लगा कुंडी खोलकर लगभग 50 हजार रुपये का जेवरात चोरी करने, बस स्टैंड में रैन बसेरा से यात्रियों का मोबाइल फोन और नकद रकम पार करने और एक फल विक्रेता के घर से 50 हजार रुपये नकद चोरी करके ले जाने का मामला प्रकाश में आया है।
एनएच 130 में मुख्य मार्ग पर वन विभाग के कार्यालय के सामने हार्डवेयर का दुकान संचालन करने वाले उद्यांशु अग्रवाल ने लखनपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वह हार्डवेयर दुकान का संचालन करता है, और दुकान के ऊपर दूसरे तल पर अपने माता-पिता के साथ रहता है। 15 अगस्त को रात लगभग 8.45 बजे वह दुकान का शटर गिराकर बस स्टैण्ड तरफ गया था। मां अनिता अग्रवाल रात लगभग 9.17 बजे घर के दूसरे मंजिल के रेलिंग से दुकान तरफ देखी तो अज्ञात लडका दुकान के गल्ला के पास कुर्सी में बैठा हुआ था, जिसे कौन हो, क्या कर रहे हो कहते हुए नीचे आई तो वह भाग गया। शटर नीचे से लगभग 2 फिट खुला हुआ था, और गल्ला में चाबी लगा था। गल्ला खोलने पर 300 रुपये शेष मिला। इसकी जानकारी वह फोन करके अपने पुत्र उद्याुशं और पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार राकेश अग्रवाल को बताई। दुकान संचालक ने गल्ला को देखा तो उसमें रखा 500-500 रुपये के नोट, कुल 2,48,500 रुपये नहीं था। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।
आधे घंटे में खंगाला घर, ले गए आभूषण
सूने मकान में घुसे चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला, और लगभग 50 हजार रुपये का जेवरात चोरी करके ले गए। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के सरगंवा मझलीपारा में हुई। घटना के समय घर स्वामी की पत्नी दरवाजे पर कुंडी लगाकर बगल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर चल रहे पूजा में शामिल होने गई थी। विशााल विश्वास ने पुलिस को बताया है कि 16 अगस्त को वह खेत में काम करने गया था और उसकी मां इलाज कराने अस्पताल गई थी। घर में उसकी पत्नी माया विश्वास थी, जो शाम करीब 05 बजे दरवाजा में कुंडी लगाकर बगल में कृष्ण जन्माष्टमी पूजा देखने चले गई थी। आधे घंटे बाद घर वापस आई तो घर के अंदर पूरा सामान बिखरा हुआ था, इसकी जानकारी फोन करके अपने पति को दी। सामान का मिलान करने पर अलमारी में रखा सोने का 02 मंगलसूत्र, 01 कान का झुमका, 2 कान का फुली, चांदी का कटोरी व चम्मच नहीं था। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
फल विक्रेता के घर से 50 हजार रुपये पार
फल विक्रय करने के लिए प्रतापपुर गए एक व्यक्ति के घर से 50 हजार रुपये नकद चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ठनगनपारा निवासी फल विक्रेता हीरा गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि 15 अगस्त को वह फल बिक्री का 50 हजार रुपये पलंग के गद्दा के नीचे रखकर प्रतापपुर फल बिक्री करने के लिए गया था, घर में उसकी पत्नि और बच्चे थे। फल बेचकर वापस घर आया तो गद्दा के नीचे रखा 50 हजार रुपये नहीं था। फल विक्रेता ने अपने भाई और उसके साथी पर रुपये चोरी करने का संदेह जाहिर किया है, जिस पर पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।
प्रतीक्षा बस स्टैंड के रैन-बसेरा से यात्रियों का 3 मोबाइल, 3 हजार नकद चोरी
शहर के प्रतीक्षा बस स्टैंड में स्थित रैन बसेरा में सो रहे यात्रियों का 3 मोबाइल फोन और पैंट के जेब से 3 हजार रुपये नकद अज्ञात व्यक्ति पार कर दिया। रायगढ़ जिला के ग्राम कलमी, कोतरा रोड निवासी गिरधारी साहू ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 17 अगस्त को वह अपने रिश्तेदार उमाशंकर साहू, शिव कुमार साहु, रामकिशन साहु के साथ इलहाबाद से रायगढ जाने के लिए निकला था। रात होने के कारण वे प्रतीक्षा बस स्टैंड अंबिकापुर के रैन-बसेरा में रात्रि विश्राम करने के लिए एक हॉल में रूके थे, और अपने सामान को बिस्तर पर रखकर सो रहे थे। इस दौरान रियलमी कंपनी का मोबाइल, शिव कुमार साहु का ओप्पो कंपनी का मोबाइल व रामकिशन साहु के पैंट में रखा 3 हजार रुपये एवं विवो कंपनी का मोबाइल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में चोरी की करतूत कैद हुई है। मामले में पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।
लघुशंका कर था ग्रामीण, इधर बाइक हो गई चोरी
लघुशंका कर रहे ग्रामीण का मोटरसायकल अज्ञात व्यक्ति चोरी करके फरार हो गया। मजदूरी करने वाले बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम गोविन्दपुर निवासी भारत यादव पिता मनीराम यादव 22 साल ने पुलिस को बताया है कि वह अपने पिता के नाम पर पंजीकृत मोटरसायकल क्रमांक सीजी 15 डीटी 3339 से 16 अगस्त को रात 11 बजे जिला अस्पताल अंबिकापुर अपनी दादी सुखवारी को देखने आया था। अंबिकापुर में वह पूर्व में लक्ष्मीपुर बंजारी में किराए के कमरे में रहता था, उस तरफ जाते समय रात्रि करीब 12.30 बजे बस्ती के पास लघुशंका के लिए अपनी मोटरसायकल को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। वापस आया तो मोटरसायकल नहीं था। काफी तलाश के बाद भी मोटरसायकल का पता नहीं चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: