लोकतंत्र के महापर्व का उत्साह……*
—————————————————-
सूरजपुर। जिले में लोकतंत्र का महापर्व आज बेहद शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया।जिले में करीब 67 फीसदी लोगो ने अपने मतों का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी आहुति दी है।सुबह से ही मतदान केंद्रों में मतदान के लिए लोगो की लंबी कतारें थी पर शाम ढलते मतदान की रफतार धीमी पड़ गई।मतदान को लेकर  सभी वर्गों में खासा उत्साह दिखा।जहाँ भी कतार दिखी वहां न तो महिलाएं पीछे थी और न ही युवा या बुजुर्गों में उत्साह की कोई कमी दिखाई पड़ी।नजारा यह भी रहा कि लोग एक से दो किमी पैदल चल कर मतदान करने पहुँच रहे थे।इस बीच मतदान के बाद कांग्रेस हो या भाजपा दोनो ने ही अपने अपने जीत के दावे किए है पर मतदाताओं ने जिस खामोशी के साथ मतदान किया है उससे प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ गई है। मतदान के प्रति महिलाओं के उत्साह ने दोनों दलों की धड़कने तेज कर दी है।समाचार लिखे जाने तक जो आंकड़े सामने आए उसके मुताबिक करीब 70 फीसदी मतदान का अनुमान रहा। खेती किसानी के काम मे ग्रामीणों के तेजी से लगे होने के बावजूद मतदान का अब तक जो प्रतिशत सामने आया है वह मतदान के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाता है।
042 प्रत्याशियो का भाग्य इव्हीएम में कैद
जिले के तीनों विधानसभा से 42 प्रत्याशी चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमा रहे थे। जिनमें सबसे ज्यादा 17 प्रत्याशी भटगांव सामान्य सीट से है वहीं प्रेमनगर सामान्य सीट से 13 तथा आरक्षित प्रतापपुर सीट से 12 प्रत्याशी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे थे। आज मतदान के साथ सभी के भाग्य का फैसला ईव्हीएम में मतदाओं ने कैद कर दिया है। अब कौन सा प्रत्याशी चुनावी बैतरनी पार करने में सफल होगा और किसकी नैया मजधार में अटकेगी यह तो 3 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के बाद ही पता चल सकेगा?
0 जीत हार को लेकर कयासों का दौर
मतदान खत्म होने के तत्काल बाद से ही पार्टियों के प्रति आस्थावान कार्यकर्ताओ के बीच जीत हार को लेकर कयासों का दौर प्रारम्भ हो गया है।
0 कुछ ग्रामीण क्षेत्रो में दिखा चेपटी का असर
निर्वाचन आयोग के तमाम निर्देशो व जिला निर्वाचन अधिकारियों की सख्ती के बावजूद जिले के प्रेमनगर व भटगांव विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में पार्टियों द्वारा मतदाओं को प्रलोभन हेतु दिए गए ख्वाब व शराब पार्टी का असर देखने को मिला। जहां नशे में मदमस्त मतदाता झूमते नजर आए।
0 रेणुका ने पुत्र पुत्रियों समेत दिया मतदान
केंद्रीय राज्यमंत्री व सोनहत विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह अपने पुत्र व पुत्रियों के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र से मतदान हेतु अपने गृहग्राम  प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के परशुरामपुर मतदान केंद्र पहुंची और मताधिकार का प्रयोग कर अपने कर्तव्यों को पूरा किया।
 0 इस तरह रहा मतदान का प्रतिशत
समाचार लिखे जाने तक जिले के प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र में 68.05,भटगांव में 67.50 व प्रतापपुर में 63.46 फीसद लोगो ने अपने मतों का प्रयोग किया है।
लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने रासेयो के स्वयंसेवकों ने किया सहयोग
सूरजपुर।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्दरई की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के 50 स्वयंसेवकों ने मतदान दिवस 17 नवंबर को वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान करने में सहयोग प्रदान करते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्षेत्र के ग्राम कन्दरई, पेन्डरखी,जमदेई ,रतनपुर, कोरेया,सपकरा व राजापुर के समस्त मतदान केंद्रों में रासेयो स्वयंसेवकों ने वरिष्ठजनों एवं दिव्यांग मतदाताओं को  मतदान करने में सहयोग प्रदान कर लोकतंत्र को मजबूत व सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं ने स्वयंसेवकों के इस निःस्वार्थ सेवा कार्य एवं निर्वाचन आयोग के इस पहल के लिए प्रशंसा की गई । बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को सेवा प्रदान करने में स्वयंसेवक पंकज प्रजापति, अनिल, दिनेश, दिलेश्वर, संदीप कुमार ,सतिमा, शंभू ,अंजू सिंह गुलाबी, खुशबू यादव, नेहा यादव पूनम राजवाड़े ,रामविलास, अनेस, चंदा, सिकंदर, जयनाथ, अनिरुद्ध घनश्याम ,गीता ,अनूपा, दूजेंद्र, हीरालाल, फूलबसिया ,शशिकला,रंजीता ,कुसुम सहित अन्य स्वयंसेवक सक्रिय रहे।
364 मतदान केंद्र का किया गया वेब कास्ट
00 जिला निर्वाचन अधिकारी व एसपी ने मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
सूरजपुर। मतदान दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी  संजय अग्रवाल सुबह से ही प्रबंधन को लेकर सक्रिय रहे। जिले के तीनों विधानसभा के लिये 364 मतदान केंद्र में वेब कास्ट की व्यवस्था की गई थी । जिसके लिए जिला संयुक्त कार्यालय के सभा कक्ष को कंट्रोल रूम बनाया गया था । वेब कास्ट का संपादन बिना किसी बाधा के हो रहा है, इस पर नजर रखने के लिए मतदान शुरू होने के पूर्व से ही कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी  संजय अग्रवाल व एसपी आई कल्याण एलिसेला सभा कक्ष में उपस्थित थे। जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल और एसपी आई कल्याण एलिसेला एक साथ मतदान केंद्र का अवलोकन करने के लिए निकले थे। मतदान केंद्र पहुंचकर उन्होंने अपने मताधिकार के उपयोग करने के लिए आए नागरिकों से मतदान स्थल की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। इसी बीच दोनों अपने आबंटित मतदान केंद्र पर भी पहुंचे और और उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने आदर्श मतदान केन्द्र (संगवारी बूथ) मा.शा. नवापारा सूरजपुर में अपना वोट डाला और एसपी आई कल्याण एलिसेला ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला बिश्रामपुर में अपना वोट डाला। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल एवं एसपी आई कल्याण एलिसेला के द्वारा आ.जा. क. पूर्व मा. शाला गंगापुर, शा.प्रा. शाला महेशपुर, शा.क.उ.मा. वि. विश्रामपुर, आ.जा. शा.क. मा. शाला, हाई स्कूल नवापारा, शा.प्रा. शाला जुनापारा सिरसी, शा.प्रा. शाला करकोटी मतदान केंन्द्रों का निरीक्षण किया गया।
शांतिपूर्ण मतदान, कलेक्टर ने जताया आभार
सूरजपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने विधानसभा निर्वाचन 2023 के तहत जिले के तीनों विधानसभाओं में शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न मतदान संपन्न होने पर मतदान कार्य संपादित एवं संपन्न कराने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों सहित जिले के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में मतदान कराने हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिन्होंने पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ मतदान सुचारू ढंग से संपन्न कराने में अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का भली-भांति निर्वहन किया, वहीं सुरक्षा कर्मियों द्वारा भी सुरक्षा जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया गया। जिले के नागरिकों ने पूरे सहयोग के साथ निर्वाचन व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए उत्साह के साथ मतदान में हिस्सा लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र में अपनी आस्था व्यक्त की। नए मतदाताओं में भी उत्साहित दिखे और सभी ने आगे बढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और वहीं महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों ने भी उत्साह पूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सभी तरह के समाचारों का पर्याप्त कवरेज करते हुए सभी को अवगत कराया। स्काउट-गाइड, एनसीसी एवं एनएसएस के छात्रों द्वारा मतदान के समय उपयोगी भूमिका निभाई गई, जो सराहनीय है। मतदान दलों को लाने-ले जाने के अन्य कार्यों में लगे वाहन चालकों के सहयोग के बिना यह निर्वाचन कार्य भली-भांति संपादित नहीं हो पाता, इनके पूर्ण समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठ होने के फलस्वरूप यह कार्य संपादित हुआ है, इसके लिए सभी वाहन चालकों को भी उन्होंने बधाई का पात्र बताया।

Categorized in: