सरगुजा में शाम 05 बजे तक अंबिकापुर में 65.05 प्रतिशत, लुंड्रा- 70.50 प्रतिशत व सीतापुर में 68.40 प्रतिशत लगभग मतदान
टो-
गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। सरगुजा जिले की तीनों विधानसभा सीट अंबिकापुर, लुण्ड्रा व सीतापुर में सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। इसके पहले सभी मतदान केंद्रों में मॉक पोल की प्रक्रिया पूरी की गई। मतदाताओं में मतदान करने को लेकर उत्साह बना रहा। मतदान हेतु आम नागरिकों ने सुबह से कतारें लगाना शुरू कर दीं। बुजुर्ग, महिला और युवा मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपना कर्तव्य निभाते हुए मतदान किया। शाम 5 बजे तक चली मतदान प्रक्रिया के बाद अंबिकापुर में 65.05 प्रतिशत, लुंड्रा में 70.50 प्रतिशत व सीतापुर में 68.40 प्रतिशत के लगभग मतदान हुआ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुंदन कुमार, जिला पंचायत सीईओ नूतन कुमार कंवर तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक द्वारा वेबकास्टिंग के जरिए 393 मतदान केंद्रों की सतत निगरानी की जा रही थी। वहीं अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र का भ्रमण कर वे वस्तुस्थिति से अवगत हो रहे थे। ग्रामीण क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों के खुलने के साथ ही यहां लंबी कतारें लग गईं।

जनमत के बाद प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। मतदान दिवस के पूर्व तक चली भारी जोर-आजमाइश के बाद अब बूथवार मिले मतों की स्वगणना प्रत्याशी करने लगे हैं। हालांकि किस बूथ में किस प्रत्याशी का दबदबा रहा, इसका फैसला तीन दिसंबर को मतगणना के बाद हो पाएगा। अंबिकापुर के मतदान केन्द्र क्रमांक 97 में रिंग रोड को घेरकर मतदान केंद्र बनाया गया। संवेदनशील मतदान केंद्र में सीमा सुरक्षा बल के जवान तैनात रहे। बता दें कि जिले में कुल 786 मतदान केंद्र बनाए गए थे, इसमें से 37 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए सरगुजा के तीन विधानसभा सीटों अंबिकापुर, लुंड्रा व सीतापुर से 41 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें सबसे कम 12 प्रत्याशी लुंड्रा एवं सबसे अधिक 16 प्रत्याशी सीतापुर विधानसभा में हैं। अंबिकापुर से प्रदेश के डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के मुकाबले में भाजपा ने राजेश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। सीतापुर में प्रदेश के खाद्यमंत्री अमरजीत भगत के मुकाबले में भाजपा ने पूर्व सैनिक रामकुमार टोप्पो को मैदान में उतारा है।
11 बजे के बाद बढ़ी मतदान की रफ्तार
प्रात: 9 बजे तक सरगुजा जिले में 5.56 प्रतिशत मतदान हुआ था। विधानसभा वार लुण्ड्रा में 6.50 प्रतिशत, अंबिकापुर में 5.28 प्रतिशत व सीतापुर में 5.01 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह 11 बजे तक वोटिंग के प्रतिशत में बढ़ोतरी हुई। इस अवधि में सरगुजा जिले में 20.08 प्रतिशत मतदान हुआ। विधानसभा वार लुण्ड्रा में 22 प्रतिशत, अंबिकापुर में 19.19 प्रतिशत व सीतापुर में 19.04 प्रतिशत मतदान हुआ था। दोपहर एक बजे तक वोटिंग के रफ्तार दोगुनी हुई। इस दौरान सरगुजा जिले में वोटिंग का प्रतिशत 41.14 तक पहुंचा। विधानसभा वार लुण्ड्रा में 44 प्रतिशत, अंबिकापुर में 40.23 प्रतिशत, सीतापुर में 39.18 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 3 बजे तक सरगुजा जिले में 57.68 प्रतिशत मतदान हुआ। विधानसभा वार लुण्ड्रा में 61.50 प्रतिशत, अंबिकापुर में 53.05 प्रतिशत व सीतापुर में 58.48 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम 5 बजे तक सरगुजा जिले में अनुमानित वोटिंग प्रतिशत 67.98 रहा। विधानसभा वार लुण्ड्रा में 70.50 प्रतिशत, अंबिकापुर में 65.05 प्रतिशत व सीतापुर में 68.40 प्रतिशत मतदान हुआ।
मॉक पोल व मतदान दौरान यहां आई तकनीकी समस्या
शुक्रवार को वास्तविक मतदान शुरू होने से पूर्व मॉक पोल किया गया। मॉक पोल के दौरान मशीनों में समस्या पाए जाने पर लुण्ड्रा विधानसभा में 01 बीयू, 02 सीयू और 08 वीवीपैट को बदला गया। अंबिकापुर विधानसभा में 01 बीयू, 01 सीयू और 01 वीवीपैट तथा विधानसभा सीतापुर में 01 बीयू, 01 सीयू व 04 वीवीपैट बदले गए हैं। वहीं वास्तविक मतदान के दौरान तीन बजे की स्थिति में लुण्ड्रा विधानसभा में सीयू 02, बीयू 02, वीवीपैट 09, अंबिकापुर विधानसभा में सीयू 02, बीयू 02, वीवीपैट 10 और सीतापुर विधानसभा में वीवीपैट 03 बदले गए हैं।
ईवीएम में खराबी सामने आने पर किया गया त्वरित निदान
मतदान के दौरान तेंदूपारा और भगवानपुर मतदान केंद्र में ईवीएम में खराबी की शिकायत को आरओ अंबिकापुर ने त्वरित संज्ञान में लिया और भगवानपुर मतदान केंद्र में मतदान सुचारू रूप से संचालित होने की जानकारी दी। दरअसल अंबिकापुर विधानसभा अंतर्गत मणिपुर और भगवानपुर मतदान केंद्र में ईवीएम में खराबी की शिकायत सामने आई थी। आरओ अंबिकापुर ने जानकारी देते हुए बताया कि अंबिकापुर विधानसभा के प्राथमिक शाला तेंदूपारा मतदान केंद्र में मतदान शुरू होने के पूर्व वीवीपैट में खराबी मिलने पर इसे तुरंत बदल दिया गया था। मतदान केंद्र क्रमांक 33 शासकीय प्राथमिक शाला भगवानपुर में ईवीएम संचालन में शिकायत मिलने पर इसका त्वरित निराकरण किया गया। मतदान सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। ईवीएम में खराबी मिलने की शिकायत सामने आने तक मतदान केंद्र क्रमांक 33 शासकीय प्राथमिक शाला भगवानपुर के अंतर्गत दर्ज 854 मतदाताओं में 59 प्रतिशत, 501 मतदाताओं ने मतदान किया था। इनमें 243 महिला एवं 258 पुरुष मतदाता हैं। रिटर्निंग अधिकारी अंबिकापुर ने बताया कि ईवीएम कनेक्शन में कुछ तकनीकी समस्या हुई थी, इसे तुरंत संज्ञान में लेते हुए निराकृत किया। दो बार एक ही तरह की तकनीकी समस्या से संचालन प्रभावित हुआ, जिसे समय पर निराकृत किया गया है। मतदान केंद्र में मतदान बिना किसी असुविधा के जारी है।

वरिष्ठ अफसरों ने भी लोकतंत्र के महापर्व पर किया मतदानजिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने लोकतंत्र के महापर्व पर मतदान कर अपनी सहभागिता निभाई। सरगुजा संभाग आयुक्त शिखा राजपूत तिवारी ने मतदान केंद्र जिला उद्योग केंद्र अंबिकापुर में तथा आईजी अंकित गर्ग ने सपत्नी मतदान केंद्र प्राथमिक शाला पुलिस लाइन में मतदान किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार अपनी धर्मपत्नी पारुल माथुर के साथ मल्टीपरपज स्कूल के मतदान केंद्र क्रमांक 73 में मतदान किए। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिला उद्योग केंद्र अंबिकापुर में मतदान कर लोकतंत्र में अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान अधिकारियों ने सेल्फी लेकर मतदाताओं को मतदान हेतु प्रेरित भी किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार ने पहली दफा वोट डालने वाले युवाओं को बधाई देते हुए उनके साथ तस्वीर भी खिंचाई।

पहाड़कोरजा के मतदाता बाजा-गाजा के साथ पहुंचे मतदान करनेअंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत उदयपुर विकासखंड के दूरस्थ मझवार जनजाति बाहुल्य ग्राम पहाड़कोरजा में मतदान के प्रति मतदाताओं का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्र 268 पहाड़ कोरजा में कुल 91 मतदाता हैं, जो आज मतदान कर रहे हैं। पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ वे मतदान करने के लिए पहुंचे। विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर के मतदान केंद्र क्र.31 डिगमा में संगवारी मतदान केंद्र में महिलाओं ने मतदान के बाद उत्साहित होकर कहा लोकतंत्र के महापर्व में हमने भी लिया हिस्सा। मतदान केंद्र नर्मदापुर क्रमांक 133, विधानसभा क्षेत्र 11 सीतापुर में तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर मतदाताओं का स्वागत किया गया।

वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे आदर्श एवं संगवारी मतदान केंद्र
शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आदर्श एवं संगवारी मतदान केंद्र क्रमांक 125 में मतदान संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेने वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। मतदाताओं को दी गई सुविधाओं का वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण किया। साथ ही सभी ने मतदाताओं हेतु बनाए गए मेरा वोट-मेरा भविष्य सेल्फी जोन में सेल्फी लेकर लोगों से मतदान की अपील की। इस मतदान केंद्र मेंं वोट देने के लिए महिलाओं में खासा उत्साह देखा गया। आदर्श मतदान केंद्र नर्मदापुर, मैनपाट में तिब्बती धार्मिक परंपरा की थीम पर मतदान केंद्र सजाया गया था। मतदान केंद्र क्रमांक 78 केदारपुर में फर्स्ट टाइम वोटर ने हैप्पी वोटिंग किया।
युवा मतदाताओं में रहा उत्साह
मतदाता शुभम जायसवाल, पूर्णिमा जायसवाल, सुनीता जायसवाल, हेमलता वर्मा ने मतदान केंद्र क्रमांक 76 भ_ी रोड में अपना मतदान किया। युवा मतदाता पूर्णिमा ने मतदान के महत्व को बताया और सभी से लोकतंत्र की मजबूती हेतु मतदान अवश्य करने की अपील की। मतदान केंद्र क्रमांक 58 चांदनी चौक में युवा प्रांजलि शर्मा ने आज पहली बार अपना वोट डाला। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सहभागिता दर्ज कर आज वे बेहद खुश, उत्साहित हैं। युवा मतदाता श्रेया पांडेय ने भी पहली बार अपना वोट दिया। मतदान केंद्र क्रमांक 120 उद्योग केंद्र में अपना वोट देकर उन्होंने लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय सहभागिता निभाई। इसके अलावा मतदान केंद्र क्रमांक 49 में श्रीकांत सोनी, मतदान केंद्र क्रमांक 66 चांदनी चौक में कुबेर कुमार दुबे और उनकी धर्मपत्नी ईशा दुबे ने सुबह सर्वोच्च प्राथमिकता देकर अपना वोट डाला। मतदान क्रमांक 84 केदारपुर त्रिकोण चौक में अमरेंद्र सिंह और कृष्णा सिंह ने लोगों से मतदान अवश्य करने की अपील की।
लोकतंत्र के महापर्व पर ये मतदाता बने नजीर* रामजीत तिवारी 85 वर्ष ने अंबिकापुर मतदान क्रमांक 58 चांदनी चौक में अपना वोट दिया और कहा कि यह लोकतंत्र का पर्व है, मतदान अवश्य दें। उन्होंने मतदान हेतु की गई व्यवस्थाओं को भी सराहा। स्काउट गाइड, एनएसएस के कैडेटों द्वारा दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के आने-जाने में मदद की गई।
* विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 10 अंबिकापुर के मतदान केंद्र क्रमांक 48 गोधनपुर में सुरेश शर्मा मतदान हेतु पहुंचे, उन्होंने अपनी धर्मपत्नी की तेरहवीं का दिन होने के बावजूद मतदान कर एक नागरिक और एक आदर्श मतदाता होने का दायित्व निभाया।
* छेदीलाल गुप्ता, 84 वर्ष ने मतदान केंद्र क्रमांक 66 चांदनी चौक में अपना वोट दिया और कहा सभी वोट जरूर दें।
* स्वयं ट्राइसिकल चलाकर पूरे जोश और जज्बे के साथ मतदान देने मतदान केंद्र क्रमांक 58 नगर निगम विद्यालय स्थित आदर्श मतदान केन्द्र पहुंचे दिव्यांग मुन्ना प्रसाद सोनी।
* पैर में फैक्चर होने के कारण चलने-फिरने में असमर्थ रुक्मणी देवी केडिया मतदान केंद्र तक जैसे ही पहुंची, मतदाता मित्रों ने उन्हें देखा और तुरंत सहायता के लिए आगे आए। इन्हें व्हीलचेयर में मतदान कक्ष पहुंचाया। रुक्मणी ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए मतदान के दौरान मिली इस सुविधा के लिए धन्यवाद दिया।

टीएस, राजेश, अमरजीत, मुन्ना टोप्पो, प्रबोध ने भी किया मतदानअंबिकापुर में उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या महाविद्यालय के मतदान केंद्र में अपना मतदान किया। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा दूसरे चरण में 70 विधानसभा की 50 से अधिक सीट जीतेंगे। टीएस सिंहदेव ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस फिर से सरकार बनाएगी। संगठन ने 75 प्लस का घोषित लक्ष्य रखा है। साथ ही उन्होंने कहा दूसरे चरण में सरगुजा संभाग की 14 में 10-11 सीट कांग्रेस जीतेगी। दो तिहाई से कम बहुमत मिला तो निराशा होगी। मतदान करने से वे महामाया मंदिर गए। यहां से पूजा के बाद मतदान के लिए रवाना हुए। टीएस सिंहदेव अंबिकापुर से कांग्रेस प्रत्याशी हैं। अंबिकापुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी राजेश अग्रवाल ने अपने मतदान केंद्र जूना लखनपुर में परिवार सहित मतदान किया। इस अवसर पर उन्होंने विक्ट्री साइन बनाते हुए स्वयं की जीत को सुनिश्चित बताया। सीतापुर मतदान केंद्र में मंत्री अमरजीत भगत ने पत्नी कौशल्या भगत के साथ मतदान किया। इसके बाद सेल्फी जोन में सेल्फी लिए। मंत्री अमरजीत भगत ने विक्ट्री का निशान दिखाया। मतदान के पहले वे हनुमान मंदिर में पूजा किए, इसके बाद पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किए। वोट डालने के बाद मंत्री अमरजीत भगत ने कहा सीतापुर उनका परिवार है। वे जीत को लेकर आश्वस्त हैं। जनता सही निर्णय लेकर मतदान करेगी। इस बार भी कांग्रेस को जनता आशीर्वाद देगी। इसी विस से भाजपा प्रत्याशी राम कुमार टोप्पो ने ग्राम कोटछाल में मतदान किया। इससे पहले वे सुबह देऊर मंदिर में पूजार्चना किए। उन्होंने कहा 20 साल बाद सीतापुर में परिवर्तन होगा। इनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी खाद्य मंत्री अमरजीत भगत से है। सरगुजा के लुण्ड्रा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी प्रबोध मिंज ने अपने मतदान केंद्र बीटीआई नवापारा 93 में मतदान किया। इस अवसर पर उन्होंने लुण्ड्रा विधानसभा की जनता का आशीर्वाद मिलने तथा उन्हें शानदार जीत मिलने का भरोसा जताया। वे खुद अंबिकापुर विधानसभा के मतदाता हैं।

Categorized in: