बिश्रामपुर। दीपावली की रात दोस्त के साथ शराब भट्ठी पहुंचे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में पुलिस द्वारा दोनों पक्ष को थाने में बुलाए जाने पर आपस में नोंकझोंक हो गया था। अंततः मामले में फिलहाल कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका है। पुलिस की जांच आज भी अनसुलझी पहेली बनी हुई है। पुलिस अब तक तय नहीं कर पा रही है कि युवक की हत्या के उद्देश्य से उसे कुएं में ढकेला गया है अथवा वह शराब के नशे में खुद कुएं में गिरा है। अभी भी पुलिस पूछताछ ही कह रही है। गौरतलब है कि दीपावली के दिन रेलवे के सब स्टेशन के ठेकाकर्मी 33 वर्षीय विनसेंट आगोश लूकस पिता किशोर कुमार लूकस निवासी करंजी का शव एक नवम्बर को ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर स्थित शराब भट्ठी के अनुपयोगी कुएं से पुलिस ने बरामद किया था। कुएं के समीप उसकी लाल रंग की स्कूटी और मोबाइल भी पड़ी मिली थी। बताया जा रहा है कि दीपावली के दिन वह सब स्टेशन काम से छुट्टी के बाद एक अन्य सहकर्मी के साथ दीपावली की रात शराब दुकान में शराब लेने पहुंचा था। इसके बाद से उसका कहीं कोई पता नहीं चल रहा था। परिजन द्वारा युवक की गुमशुदगी की सूचना बिश्रामपुर पुलिस को देने पर जब पुलिस उसे खोजने निकली तो शराब भट्ठी के पास उसकी स्कूटी व मोबाइल पड़ी मिली थी। इसी आधार पर पुलिस आसपास उसकी तलाशी के लिए खोजबीन की और शंका के आधार पर अनुपयोगी कुएं में डीडीआरएफ टीम द्वारा कैमरा डालकर जांच की गई तो युवक का शव पड़ा मिला था। जिसके बाद एफएसएल टीम की उपस्थिति में आपदा राहत की टीम ने युवक के शव को कुएं से बाहर निकाला गया था। बताया जा रहा है कि पुलिस ने हत्या की आशंका पर उसके साथी अंबिकापुर निवासी अरविंद को दो दिनों तक हिरासत में रखकर पूछताछ किया था। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि मृतक का शराब भट्ठी के पास कुछ युवकों से विवाद हुआ था, लेकिन जब पुलिस द्वारा शुक्रवार को दोनों पक्ष को बयान के लिए तलब किया तब युवक ने घटना दिवस की मारपीट वाली बात से इंकार कर दिया। इसी बात दोनों पक्षों में नोंकझोंक हुई। जिस पर पुलिस द्वारा दोनों पक्ष को शांत कराया गया। पुलिस को जब मृतक का पीएम रिपोर्ट प्राप्त हुआ था, तो उसमें कुएं के पानी में डूबने से मौत होना चिकित्सक द्वारा लेख किया जाना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि मारपीट होता तो मृतक के शरीर में चोट के निशान होते लेकिन पुलिस यह नहीं बता पा रही कि किन युवकों से मृतक का शराब भट्ठी के पास विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि युवक दीपावली के दिन सुबह से शराब पी रहा था और रात में अन्य दोस्त को बुलाकर उसने साथ में शराब पिया है। जिसके पश्चात नशे की हालत में वह संभवतः कुएं में गिरा होगा। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

Categorized in: