केरल – वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा रिकॉर्ड अंतर से जीत गई हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के सत्यन मोकेरी को 4.10 लाख वोटों से हरा दिया है। इसके साथ ही प्रियंका गांधी पहली बार लोकसभा सांसद बन गई हैं। वायनाड में उपचुनाव 13 नवंबर को हुए थे। बीजेपी की नव्या हरिदास नतीजों में तीसरे नंबर पर हैं।

प्रियंका गांधी को 622338 वोट मिले, जबकि सत्यन मोकेरी को 211407 वोट मिले। नव्या हरिदास को 109939 वोटों से संतोष करना पड़ा। प्रियंका गांधी ने वायनाड में जीत के मामले में भाई राहुल गांधी से भी आगे निकल गई हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी के 3.65 लाख वोटों के मार्जिन को तोड़ दिया है। लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली और केरल के वायनाड से चुनाव लड़ा था और दोनों ही क्षेत्रों में जीत हासिल की थी।

इसके बाद उन्होंने लोकसभा में रायबरेली का प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया और वायनाड की सीट छोड़ दी। इसके बाद उनकी बहन प्रियंका गांधी ने वायनाड सीट पर उपचुनाव लड़ा। इस सीट पर 16 उम्मीदवार थे।
प्रियंका गांधी ने व्यक्त किया आभार
वायनाड के चुनाव नतीजों से गदगद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया के जरिए धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, ‘वायनाड के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, आपने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं आपकी बहुत आभारी हूं। मैं यह सुनिश्चित करूंगी कि समय के साथ, आप वास्तव में महसूस करें कि यह जीत आपकी जीत है और जिस व्यक्ति को आपने अपना प्रतिनिधि चुना है, वह आपकी उम्मीदों और सपनों को समझता है और आपके लिए लड़ता है। मैं संसद में आपकी आवाज बनने के लिए उत्सुक हूं!’

Categorized in: