प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सैम पित्रोदा द्वारा विरासत कर संबंधी दिए गए बयान पर जमकर हमला बोला

अंबिकापुर। सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में आहूत विशाल जनसभा के संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा द्वारा विरासत कर संबंधी दिए गए बयान पर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और ईडी गठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए आगाह किया कि कांग्रेस सत्ता में आई तो वह नया विरासत कानून लाएगी। अगर भारत शक्तिशाली हो गया, तो कुछ ताकतों का खेल बिगड़ जाएगा। अगर भारत आत्मनिर्भर बन गया, तो कुछ ताकतों की दुकान बंद हो जाएगी। इसलिए वे भारत में कांग्रेस और ईडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं और इसलिए अब वह अमेरिका की तरफ रुख कर रहे हैं।


प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अगर पित्रोदा की राय से इत्तेफाक नहीं रखती है तो उसे अपने घोषणा पत्र से इस मुद्दे को वापस लेना चाहिए। पित्रोदा का बयान साफ तौर पर जाहिर कर रहा है कि कांग्रेस देश की जनता की निजी संपत्ति का सर्वे कर इनके निजी संपत्ति को सरकारी खजाने में डालना चाहती है और देश के संसाधन पर सबसे पहला अधिकार माइनॉरिटी की मंशा को पूरी करते हुए इसका बंटवारा करना चाहती है, जैसा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में कहा था। नरेन्द्र मोदी ने कहा अमेरिकी कानून भारत में लागू करके देशवासियों की संपत्ति हड़पने की इनकी मंशा है। कांग्रेस या तो इसे स्वीकार करे या फिर देश से माफी मांगकर इस मुद्दे को अपने घोषणापत्र से वापस ले। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन कांग्रेस की इस बदनीयती को अच्छी तरह भांप रही है और कांग्रेस को बता देगी देश के संसाधनों पर सबसे पहला अधिकार देश के गरीबों, दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्ग का है। उन्होंने कहा सरकार में आने पर कांग्रेस माताओं-बहनों के सोना-चांदी का हिसाब करेगी, जांच करेगी और वह संपत्ति उनको बांट देगी, जिनके ज्यादा बच्चे हैं। अपनी मेहनत की कमाई का पैसा घुसपैठियों को दिया जाना देशवासियों को कतई मंजूर नहीं होगा। यह कांग्रेस की भारतीय संस्कृति विरोधी ‘अर्बन नक्सली सोच है। परिवारवादी लोगों ने देश के लोगों को लूटकर अपना आर्थिक साम्राज्य बना लिया, अब देश की संपत्ति को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है।

आतंकवादियों के मारे जाने पर बहाते हैं आंसू
नरेन्द्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जिस तरह से कांग्रेस के घोटालेबाजों पर एक्शन हो रहा है, उसे पूरा देश देख रहा है। जब हम विकसित भारत की बात करते हैं तो कांग्रेस और दुनिया में बैठी कुछ ताकतों का माथा गरम हो जाता है। इसलिए वे भारत में कांग्रेस और ईडी गठबंधन की कमजोर सरकार चाहते हैं। ऐसी कांग्रेस सरकार जो आपस में ही लड़ती है, घोटाले करती रही है। कांग्रेस का इतिहास सत्ता के लालच में देश को तबाह करने का रहा है। देश में आंतकवाद फैला, नक्सलवाद बढ़ा। कांग्रेस के कुशासन और लापरवाही से देश बर्बाद होता गया। भाजपा सरकार आतंकवाद और नक्सलवाद पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस हिंसा फैलाने वालों का समर्थन कर रही है। इतना ही नहीं, जो लोग निर्दोषों को मारते हैं, लोगों का जीना हराम करते हैं, अगर वो मारे जाएं तो ऐसे लोगों को शहीद बताते हैं। अगर ऐसा करते हैं तो वे देश के शहीदों, वीरों का अपमान करते हैं। इसी कांग्रेस की एक बड़ी नेता आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाती हैं। ऐसी ही करतूतों के कारण कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है।

अंबिकापुर क्षेत्र की जनता से आशीर्वाद मांगने आया हूं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंबिकापुर आगमन के समय की पुरानी यादों को जनता-जनार्दन के साथ साझा करते हुए कहा कि भाजपा ने जब उन्हें प्रधानमंत्री पद का दावेदार बनाया तो अंबिकापुर में लाल किला बना था। कांग्रेस के ईको सिस्टम हैं, जो आए दिन मोदी पर हमला करने के लिए जगह ढूंढते रहते हैं, उस पूरी टोली ने हमला बोल दिया था कि ये लालकिला कैसे बनाया जा सकता है? अभी तो प्रधानमंत्री का चुनाव बाकी है। लाल किला का दृश्य बनाकर वहां से सभा होने पर तूफान मचा दिया था, लेकिन सरगुजा और छत्तीसगढ़ वासियों की सोच के कारण मोदी लाल किले तक पहुंचा और राष्ट्र को संदेश दिया। आज फिर अंबिकापुर क्षेत्र की जनता से मोदी आशीर्वाद मांगने आया है। उन्होंने कहा कुछ महीने पहले मैंने आपसे छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के भ्रष्टाचारी पंजे को हटाने आशीर्वाद मांगा था और आप लोगों ने इसका मान रखा, सरगुजा से भ्रष्टाचारी पंजे को साफ कर दिया। आज आप लोगों के आशीर्वाद से सरगुजा आदिवासी समाज की संतान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ के सपनों को साकार कर रही है। विष्णुदेव साय बहुत तेजी के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कम समय में ही राकेट की गति से सरकार चलाई है।


कांग्रेस ने भारत के सेक्युलरजियम की हत्या की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब संविधान बन रहा था तब काफी चर्चा विचारण के बाद देश के सभी विद्वानों ने डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के नेतृत्व में यह तय किया गया कि भारत में धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा। कांग्रेस ने कभी इन महापुरुषों, बाबासाहेब आंबेडकर की परवाह नहीं की। कांग्रेस ने कुछ वर्ष पहले आंध्रप्रदेश में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का प्रयास किया और उसके बाद देशभर में इसे लागू करने की योजना बनाई। धर्म के आधार पर 15 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही, साथ ही ये भी कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी का कोटा काट कर उसी आधार पर आरक्षण दिया जाए। अपने 2009 के घोषणा पत्र में कांग्रेस ने अपना यही इरादा जताया। 2014 के घोषणा पत्र में भी कांग्रेस ने साफ-साफ कहा कि वे धर्म के आधार पर आरक्षण देंगे, अगर दलितों, आदिवासियों का आरक्षण कट करना पड़े तो करेंगे। कई साल पहले कांग्रेस ने कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण लागू किया था। भाजपा की सरकार आई तो हमने संविधान और बाबासाहेब की भावना के विरुद्ध कांग्रेस ने जो निर्णय लिया था, उसे खारिज किया। दलितों, आदिवासियों का आरक्षण वापस किया। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने एक और पाप किया, मुस्लिम समुदाय की जितनी जातियां हैं सबको उन्होंने ओबीसी कोटे में डाल दिया, जो हमारे देश के ओबीसी को लाभ मिलता वो कट गया। ऐसा कर कांग्रेस ने सामाजिक न्याय भारत के सेक्युलरजियम की हत्या की।


70 साल के हर बुजुर्ग के इलाज का खर्च उठाएगी मोदी सरकार
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा देश संस्कार, संस्कृति में विश्वास रखता है, भारत उपभोक्तावादी देश नही हैं। हम संचय, संवर्धन, संरक्षित करने में विश्वास रखते हैं। हमारे यहां घर के बुजुर्ग अपने बच्चों, नाती-पोतों के लिए रुपये, गहने खुद उपयोग न कर जमा करके रखते हैं। ये इस देश का स्वभाव है। कांग्रेस भारत के मूलभूत चिंतन, संस्कार पर कड़ा प्रहार कर रही है। श्री मोदी ने कहा कि उनके बयान पर कांग्रेस में बड़ा तूफान मच गया। उन्होंने कहा था कि अर्बन नक्सली, शहरी माओवादियों ने कांग्रेस पर कब्जा कर लिया है, अब कांग्रेस अमेरिका को खुश करने आपकी संपत्ति लूटना चाहती है। आपके संतानों का हक लूट लेना चाहती है। जितने साल देश में कांग्रेस की सरकार रही आपका पैसा लूटा जाता रहा है। भाजपा सरकार आने के बाद आपके हक का पैसा आप पर ही खर्च हो रहा है। देश के लोगों को पक्का घर, लाखों परिवारों को मुफ्त राशन, 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। 4 जून के बाद 70 साल की आयु के हर बुजुर्ग के इलाज का खर्चा मोदी सरकार उठाएगी। दस वर्षों में भांति-भांति की चुनौतियों के बाद भी यहां रेल, सड़क, एयरपोर्ट, मोबाइल टॉवर जैसी सेवाओं का लाभ मिला है। गरीब, आदिवासियों के कल्याण के लिए काम किया गया है। सरगुजा, सरगजा अर्थात स्वर्ग की बेटी है, यहां प्राकृतिक सौंदर्य, कला संस्कृति के साथ बडे मंदिर भी हैं। श्री मोदी ने सात मई को राष्ट्र निर्मांण, लोकतंत्र और बच्चों की गारंटी के लिए मतदान जरूर करने की अपील की।

Categorized in: