बलरामपुर। पिकअप से बचने के चक्कर में स्कार्पियो वाहन का पिछला हिस्सा पेड़ से टकरा गया, घटना में पीछे बैठी एक ही परिवार की दो महिला सदस्य वाहन से नीचे गिर गई। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। स्कार्पियो में सवार जिला अस्पताल बलरामपुर से पुत्र का इलाज कराने के बाद घर वापस लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के ग्राम बगरा का राजकुमार उइके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अपने पुत्र जितू उइके का इलाज कराने शासकीय एंबुलेंस से जिला अस्पताल बलरामपुर गया था। इलाज कराने के बाद 9 सितम्बर को स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूई 2062 बुक करके वापस गांव आ रहा था। स्कार्पियो में राजकुमार उइके, देवधारी पुसाम, दवेसाय, जीतू उइके, मनबासो और परमिला सवार थे। स्कार्पियो वाहन को अमीर साय मरावी चला रहा था। रात्रि लगभग 8.15 बजे ग्राम बगरा के दादर घुटरा जंगल के पास सामने से अज्ञात पिकअप वाहन के चालक को तेज गति में लापरवाही पूर्वक आते देखकर संभावित दुर्घटना से बचने के लिए स्कार्पियो वाहन को चालक सड़क के किनारे कर रहा था, इस दौरान वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और महुआ पेड़ से स्कार्पियो का पीछे का हिस्सा टकरा गया, जिससे पीछे बैठी मनबासो एवं परमिला नीचे जमीन में गिर गए, जिसमें इन्हें गंभीर चोटें आई थी। गाडी में आगे बैठे राजकुमार सहित अन्य को चोट नहीं आई थी। हादसे के बाद दोनों घायलों को दूसरे निजी वाहन से 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज लाया गया, इलाज के दौरान मनबासो उइके की मौत हो गई। परमिला को जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर किया गया। रिपोर्ट पर पुलिस ने स्कार्पियो वाहन के चालक के विरूद्ध केस दर्ज किया है और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: