बिश्रामपुर। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व सोनहत विधायक रेणुका सिंह छठ महापर्व पर पार्टी कार्यकर्ता राजकिशोर चौधरी के यहां आयोजित खीर प्रसाद आयोजन में सम्मिलित होने पहुंची थीं। यहां उनके आगमन की सूचना पर पार्टी कार्यकर्ता भी उनसे भेंट मुलाकात के उद्देश्य से पहुंचे थे। आयोजन में शामिल होने पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने राज्य के वर्तमान परिस्थितियों पर खुलकर चर्चा की। मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह ने भूपेश बघेल की मीडिया में सक्रियता और कांग्रेस के रवैए की आलोचना कर कहा कि भूपेश बघेल कद्दावर नेता हैं। अब उनकी गिनती कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं में होने लगी है। प्रदेश के गृहमंत्री को बार बार निशाने में लेने व उनकी सार्वजनिक आलोचना के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल के पांच साल के कार्यकाल में प्रदेश की स्थिति कितनी खराब हो गई थी ये उन्हें दिखाई नहीं देता था। प्रदेश में महादेव सट्टा में प्रदेश के युवाओं के करोड़ों रुपए डूब गए, कोयला, रेत सहित प्रदेश के खनिज संपदाओं पर किस कदर डाका डाला गया ये किसी से छुपा नहीं है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को नकार उनकी नीतियों पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। प्रदेश में युवा चेहरे को गृहमंत्री का दायित्व दिया गया है ये उन्हें नहीं पच रहा। विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने कहा कि राजनांदगांव की हार भूपेश बघेल को अब तक हजम नहीं हो रही है, इसीलिए भी भूपेश अनाप शनाप बोल रहे हैं। उन्हें प्रदेश सरकार की नीति अच्छी नहीं लगती तो उन्हें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नीतियों के संबंध में अपनी राय रखनी चाहिए, युवा गृहमंत्री जो राजनीति का अभी एबीसीडी सिख रहा है उस पर लगातार हमले से बघेल केवल और केवल अपनी खीझ मिटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हाल ही में घटित कई घटनाओं में कांग्रेस नेताओं कार्यकर्ताओं की भूमिका सामने आई है जो शर्मनाक है और प्रदेश को अस्थिर करने जैसा है। इस पर भूपेश बघेल को सफाई देनी चाहिए। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेता ललित गोयल, दीपेंद्र सिंह चौहान, शशिकांत गर्ग, कृष्ण गोयल बल्लू, श्यामा पांडेय, मोहिनी झा, अमरेश प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Categorized in: