कलेक्टर से शिकायत कर मैनेजर को हटाने की मांग

अंबिकापुर। स्टेट वेयर कॉरपोरेशन अंबिकापुर के मैनेजर पर घुसखोरी एवं चावल चोरी का आरोप लगाते हुए राइस मिल संचालक ने इसकी शिकायत सरगुजा कलेक्टर से की है। आरोप है कि 12 वर्षों से एडब्ल्यूसी चठिरमा में पदस्थ मैनेजर संदीप गुप्ता मनमाने तरीके से काम करते हुए प्रत्येक राइस मिल से चावल एवं राशि की अवैध रूप से उगाही कर रहा है। परेशान संचालक ने इसकी शिकायत कलेक्टर से करना बताया है और उक्त मैनेजर को हटाने की मांग की है।

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में केदारपुर निवासी राइस मिल संचालक मुकेश गुप्ता ने आरोप लगाया है कि सरगुजा संभाग के राइस मिलरों का एफसीआई का चावल चठिरमा अंबिकापुर में जमा होता है। चठिरमा एवं डिगमा स्थित शासकीय धर्मकांटा से इसका कांटा, तौल कराया जाता है, जिसमें प्रत्येक गाड़ी से ढाई से 03 क्विंटल चावल चोरी कर लिया जाता है और प्रत्येक राइस मिल से 2000 रुपये प्रति ट्रक वसूली की जाती है। उन्होंने बताया है कि संदीप गुप्ता विगत 08-09 वर्षों से अंबिकापुर के अलावा लखनपुर सेंटर को भी प्रभारी मैनेजर के रूप में काम करते आ रहे हंै। मुकेश गुप्ता ने कलेक्टर से मामले की उचित जांच कराते हुए विधि सम्मत कार्रवाई करने और संदीप गुप्ता का सरगुजा संभाग से अन्यत्र स्थानांतरण करने की मांग की है।

ऐसा कुछ नहीं है आरोप मिथ्या-गुप्ता
स्टेट वेयर कॉर्पोरेशन अंबिकापुर के मैनेजर संदीप गुप्ता से घुसखोरी एवं चावल चोरी के लग रहे आरोप पर बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं वे अनर्गल और मिथ्या हंै, ऐसा कुछ भी नहीं है।

Categorized in: