हत्यारोपियों का चेहरा सामने आने के बाद प्रतापपुर वासियों का गुस्सा उफान पर, स्वस्फूर्त नगर रहा बंद    

फिरौती के लिए मासूम का अपहरण व बेरहमी से हत्या करने वाले पड़ोसी युवकों को पुलिस गिरफ्तार की

सूरजपुर/प्रतापपुर। जिले के प्रतापपुर से करीब एक माह पूर्व अपहृत मासूम के शव का अवशेष जंगल से बरामद कर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिरौती की रकम वसूलने के चक्कर में पड़ोस के दो युवकों ने मासूम रिशु के अपहरण की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था और उसे ग्राम करसी के समीप प्रेममारा जंगल ले गए थे। रात होने पर मासूम रिशु घर जाने की जिद्द करने लगा तो आरोपी ने डंडे से सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इस हृदय विदारक घटना के सामने आने पर प्रतापपुर के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम करके जमकर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के घर को घेर लिया और जमकर पथराव करते हुए एक आरोपी के वाहन को आग के हवाले कर दिया। इधर घटना के विरोध में सोमवार को नगर स्वस्फूर्त बंद रहा। घटना के बाद उपजे आक्रोश को देखते हुए प्रतापपुर छावनी में तब्दील हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।  

घटना के संदर्भ में बताया गया है कि प्रतापपुर वार्ड क्रमांक 4 के अशोक कुमार कश्यप का 10 वर्षीय पुत्र रिशु 29 जनवरी की शाम करीब 4 बजे खेलने जा रहा हूं कहकर घर से निकला था और काफी देर बाद भी घर वापस नहीं आया, तो चिंतित स्वजनों ने मासूम की पतासाजी प्रारंभ की परंतु उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद स्वजनों ने अज्ञाात व्यक्ति पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शंका व्यक्त करते हुए थाने में इसकी सूचना दर्ज कराई, जिस पर धारा 363 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में पुलिस ने लिया। मामले में पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग ने प्रकरण की लगातार मॉनिटरिंग करने जरूरी निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एमआर आहिरे ने अपहृत नाबालिक बालक व अज्ञात आरोपी के पतासाजी हेतु एएसपी शोभराज अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित किया और गंभीरता पूर्वक तलाश करने कहा था। गठित टीम द्वारा हरसंभव प्रयास किया जा रहा था। इसी बीच बच्चे के पिता के मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके बालक के स्वयं के कब्जे में होने की जानकारी दी और छह लाख रुपये फिरौती की मांग की। कॉल का वाइस रिकार्डिंग पुलिस ने विवेचना के दौरान जप्त किया है। अज्ञात व्यक्ति ने प्रार्थी के घर में फिरौती के संबंध में धमकी भरा एक चि_ी भी 14-15 फरवरी की रात एवं एक चि_ी व फिरौती के लिए कॉल किया था।

युवकों की संदिग्ध गतिविधियों पर हुई शंका
प्रकरण में अपहृत बालक व अज्ञात आरोपी के पतासाजी हेतु पुलिस में लगी थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अपहृत बालक के पड़ोसी शुभम सोनी उर्फ गोलू एवं विशाल ताम्रकार की गतिविधि घटना दिनांक से संदिग्ध है। दोनों के मोबाइल नंबरों के सीडीआर का अवलोकन किया गया और संदेहियों को तलब कर कड़ाई से पुलिस पूछताछ की। पुलिस की कड़ी पूछताछ से  दोनों आरोपी टूट गए और वारदात को फिरौती के चक्कर में अंजाम देने की बात स्वीकार करते हुए बताया गया कि 29 जनवरी को प्रतापपुर कॉलेज रोड में पुल के पास से मासूम रिशु का अपहरण करके वे उसे मोटरसायकल से ग्राम करसी प्रेममारा जंगल ले गए। रात होने पर अपहृत बालक ने घर जाने की जिद्द की तो विशाल ताम्रकर डण्डा से बालक के सिर में मारा, जिससे उसकी मौके पर मृत्यु हो गई। फंसने के डर से दोनों बालक के शव को प्रेममारा जंगल करसी में पत्थर के खोह पर अपने मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाल कर जलाकर घर वापस आ गए। शव को जलाने के दो दिन बाद विशाल ताम्रकार बुलेट मोटरसाइकिल से पुन: प्रेममारा जंगल जाकर मृत बालक के जले हुए हड्डियों के टुकड़ों को जंगल में घटना स्थल के पास ही अलग-अलग जगह फेंक दिया था।

लूट की मोबाइल से फिरौती की मांग
अपहरण व हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आठ फरवरी को शुभम सोनी उर्फ गोलू अंबिकापुर जाकर लटोरी रोड से एक व्यक्ति का मोबाइल लूटकर ले गया और लूट के मोबाइल से अशोक कश्यप के मोबाइल नंबर पर फिरौती के लिए कॉल करने लगा व शुभम सोनी फिरौती के लिए धमकी भरा चि_ी लिखकर प्रार्थी के घर में फेंका था। अपहरणकर्ताओं से फोन पर बेवश पिता गिड़गिड़ाते हुए एक बार बच्चे से बात कराने कहते रहा, इधर हत्यारेे उसे लोमहर्षक मौत दे डाले।

जंगल से जप्त किया गया अवशेष
गवाहों एवं स्वजनों के साथ पुलिस ग्राम करसी प्रेममारा जंगल पत्थल खोह पहुंची और आरोपियों के निशानदेही पर जंगल का बारीकी से सर्च कराया गया। मृतक के कपड़ों का जला अवशेष, प्लास्टिक बोतल का अवशेष, एक जोड़ी चप्पल, मृत बच्चे का खोपड़ी एवं शरीर के अन्य भागों के हड्डियों के जले अवशेष पुलिस ने बरामद किया। मौके पर सर्च पंचनामा तैयार कर चप्पल को मृतक के पिता अशोक कश्यप को दिखाकर पहचान कराने के बाद विधिवत बरामदगी पंचनामा तैयार किया गया। मौके पर देहाती मर्ग इन्टीमेशन चाक कर शव पंचनामा कार्रवाई उपरांत शव के अवशेष का परीक्षण पुलिस ने कराया था। आरोपी विशाल ताम्रकर के निशानदेही पर मृतक का एक जोड़ी चप्पल, घटना में प्रयुक्त डण्डा, जले हुए कपड़े के अवशेष, प्लास्टिक पानी बोतल के अवशेष, राख, बजाज सीटी 100 मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीजे 5130 एवं विवो कंपनी का मोबाइल जप्त किया गया है। आरोपी शुभम सोनी उर्फ गोलू से उसका स्वभाविक लेख, वाइस सैम्पल एवं उसका रियल-मी कंपनी का मोबाइल पुलिस ने जप्त किया है। प्रकरण में धारा 364 (क), 302, 201, 120(बी) जोड़ा गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

आरोपियों तक पहुंचने में इनका रहा योगदान
आईजी ने साइबर थाना अंबिकापुर सरगुजा के साइबर टीम से एसआइ प्रसाद सिन्हा, विवेक खलखो, आरक्षक कुन्दन शर्मा, अंशुल शर्मा को मामले में जल्द तकनीकी सहयोग के लिए भेजा था, साथ ही जिले के साइबर टीम के एएसआइ राकेश यादव, आरक्षक रोशन सिंह व युवराज यादव का भी विशेष सहयोग रहा। पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, एसडीओपी प्रतापपुर अरूण नेताम स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और मार्गदर्शन दिया। साथ ही थाना प्रभारी प्रतापपुर लक्ष्मण सिंह धुर्वे, थाना प्रभारी चंदौरा प्रमोद पांडेय, चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह, चौकी प्रभारी खड़गवां योगेन्द्र जायसवाल, चौकी प्रभारी चेन्द्रा संतोष सिंह, एएसआइ हरिशंकर तिवारी, प्रधान आरक्षक रजनीश त्रिपाठी, मनोज केरकेट्टा, रामाधीन श्यामले, भुपेन्द्र पोर्ते, विनोद परीडा, आनंद प्रकाश एक्का, विशाल मिश्रा, संजय यादव, महिला प्रधान आरक्षक सरिता टोप्पो, आरक्षक अखिलेश पांडेय, इन्द्रजीत सिंह, राजेश तिवारी, अवधेश कुशवाहा, अरविन्द पांडेय, पुष्पेन्द्र राजवाड़े, नन्दकिशोर राजवाड़े, शोभनाथ कुशवाहा, भीमेश आर्मो, निशांत टोप्पो, विरेन्द्र कुजूर, अपील चैधरी, निरंजन एक्का, अभिमन्यु पैकरा, विनोद प्रताप सिंह व मनोज राय सक्रिय रहे।

कांग्रेसी नेता पहुंचे स्वजनों के बीच, विधायक ने बंधाया ढाढस  
सोमवार की शाम को मृतक के परिवार की महिलाओं तथा अन्य सदस्यों ने कदमपारा चौक में अचानक चक्काजाम कर दिया। इनकी मांग थी कि आरोपियों का घर तोड़ा जाए, उनका घर नहीं तोड़ते हैं तो हमारा ही घर तोड़ दें। पुलिस अधिकारी इन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे तभी मौके पर अंबिकापुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता शफी अहमद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय कांग्रेसजन पहुंच गए और वे भी सड़क पर बैठ गए। इधर प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते रविवार को देर रात पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची और उन्हें सांत्वना देते हुए ढाढस बंधाया।

Categorized in: