सायबर सेल जोन इंदौर से मिली सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
अंबिकापुर। सायबर सेल जोन इंदौर से सूचना मिलने पर साइबर सेल सरगुजा द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से डिप्रेशन में आए युवक की जान बच गई। दोस्त को उधार में दिए गए रुपये नहीं लौटाने से वह डिप्रेशन में था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने सरगुजा पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इमरजेंसी अलर्ट की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी तारतम्य में 3 जून को राज्य सायबर सेल जोन इंदौर को मेटा से 16.10 बजे सुसाइड अलर्ट की जानकारी प्राप्त हुई, जिसका एनालिसिस करने पर पाया गया कि एक इंस्टाग्राम उपयोगकर्ता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 7 बजे लाइव फांसी लगाने एवं उसके जिम्मेदारों के बारे में उल्लेख करके संदेश को अपलोड कर दिया था। इस संबंध में टेक्निकल सेल टीम इंदौर के सहायक उप निरीक्षक राम बाजपेई एवं आरक्षक राकेश बामनिया द्वारा तत्काल सरगुजा जिले की सायबर सेल के प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान से जानकारी साझा की गई। मामले कों संज्ञान में लेकर नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर रोहित शाह द्वारा तत्काल उक्त इंस्टाग्राम पोस्ट करने वाले युवक एवं उसके स्वजन की जानकारी प्राप्त की गई। उक्त युवक के निवास की जानकारी प्राप्त करने के लिए पुलिस टीम ने स्थानीय पार्षद से अग्रिम जानकारी ली। पार्षद कलीम के सहयोग से युवक के घर पहुंची पुलिस ने उसके माता-पिता की उपस्थिति में फांसी लगाने जा रहे युवक की जान बचाई। पुलिस टीम ने युवक से आत्महत्या करने जैसा कदम उठाने का कारण पूछा गया तो वह बताया कि वह अपने एक दोस्त को 2 लाख रुपये उधार दिया था, किंतु उसके द्वारा समय पर रुपये नहीं लौटाया और बार-बार रुपये मांगने पर भी वह आनाकानी कर रहा है। इसके बाद रुपये मांगने पर देने से साफ मना कर दिया, इसलिए वह परेशान होकर आत्महत्या करने जैसा कदम उठाने जा रहा था। पुलिस टीम द्वारा उक्त युवक की काउंसलिंग करके भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने की समझाइस देकर धोखाधडी की शिकायत दर्ज कराने कहा गया और शिकायत पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। कार्रवाई में टेक्निकल सेल टीम इंदौर के उपनिरीक्षक आशीष जैन, सउनि राम बाजपेई एवं आरक्षक राकेश बामनिया, सायबर सेल अंबिकापुर से सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक अमन पुरी, विकास मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।
हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क करें
सरगुजा पुलिस ने अपील की है कि अगर आप या आपका कोई जानने वाला मानसिक तनाव से जूझ रहा है या आत्महत्या जैसे विचार आ रहे हैं, तो कृपया मदद लें। आत्महत्या की रोकथाम के लिए आरोग्य सेवा स्वश्यया विभाग के हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क करें। यह सेवा 24 घंटे और पूरी तरह गोपनीय है।

Categorized in: