संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई
अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधीनगर निवासी बंटी राव को 850 नशीली इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। आबकारी आयुक्त श्याम धावड़े के निर्देशानुसार, आबकारी उपायुक्त विजय सेन शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम नशे के सौदागरों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में 4 जून को आबकारी उड़नदस्ता टीम को नशीले इंजेक्शन के विरुद्ध बड़ी कामयाबी हाथ लगी। जप्त किए गए इंजेक्शन और वायल की कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक थाना गांधीनगर निवासी बंटी राव नशीले इंजेक्शन के व्यापार के लिए चर्चपारा ठाकुरपुर में किराए का मकान लिया था। मुखबिर की सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बुधवार को यहां सुबह दबिश दी, परंतु आरोपी बंटी राव किराए के मकान में नहीं मिला। इसके बाद टीम उसकेमूल निवास गांधीनगर पहुंची और किराए के मकान चर्च पारा ठाकुरपुर लेकर लाई। यहां गवाहों के समक्ष किराए के मकान की तलाशी लेने पर 850 नग इंजेक्शन और वायल मिला। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) के तहत गिरफ्तार करके न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया, यहां से न्यायालय ने जेल दाखिल का आदेश प्रदान किया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आबकारी उड़नदस्ता टीम की पूरे छत्तीसगढ़ में नशीले इंजेक्शन के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। उक्त कारवाई में सहायक जिला आबकारी रंजीत गुप्ता के साथ मुख्य आरक्षक कुमारु राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओम प्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी एवं अंजू, वाहन चालक कुशल खुटे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Categorized in: