थाना सीतापुर अंतर्गत की घटना्र, नाबालिक के निशानदेही पर बाइक और स्कूल बैग बरामद
अंबिकापुर। सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लूट व अपहरण के एक मामले में उलझी पुलिस ने जांच के दौरान पूरे घटनाक्रम को फर्जी पाया। इसकी जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में थाना सीतापुर एवं साइबर सेल पुलिस की टीम कर रही थी। लगभग 50 सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने पर नाबालिग स्वयं घटनास्थल पर जाते पाया गया। पुलिस ने पड़ताल में पाया कि घर जाने में हुई देरी के कारण नाबालिक अपने साथ लूट एवं अपहरण की घटना होना बताया था। पुलिस टीम ने नाबालिक का स्कूल बैग व मोटरसायकल बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक 6 अक्टूबर को थाना सीतापुर क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिक बालक अपने घर से सुबह 7 बजे मोटरसायकल से ट्यूशन गया था, जो दिन में करीब 11 बजे चिखलीपानी के पास से एक ट्रैक्टर चालक से मोबाइल मांगकर अपने पिता को फोन करके खुद के साथ अनहोनी घटना होने की बात कहा और लेने के लिए बुलाया। घर आकर वह अपने स्वजन को बताया कि 6 आदमी ट्यूशन वाले रास्ते में उसके मोटरसायकल को लूट लिए और उसको जबरन एक बंद पिकअप में अपहरण करके ले गए थे। रास्ते के जंगल में उसे छोड़कर मोटरसायकल को अपने बंद पिकअप में लेकर भाग गए। रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में धारा 137(2), 310 (2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर सायबर सेल एवं सीतापुर पुलिस टीम की अलग-अलग तीन टीम घटनाक्रम की जांच में जुटी। पूछताछ व इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों की पड़ताल व पीड़ित बालक से पूछताछ करने पर वह एक पिकअप वाहन की पहचान सीसीटीवी कैमरा के फुटेज से किया। पुलिस ने जब उक्त वाहन की पड़ताल परिवहन विभाग से नम्बर लेकर की तो गाड़ी पुणे महाराष्ट्र का होना पाया गया। वाहन के चालक व मालिक से संपर्क करने पर उन्होंने घटना के समय पिकअप वाहन के अंबिकापुर, सीतापुर होते उड़ीसा जाने की जानकारी दी। पिकअप के ड्रायवर का लोकेशन लेने पर रास्ते में कहीं नहीं रूकना सामने आया। इधर अपहृत बालक के द्वारा दिए जा रहे बयान व बार-बार अलग कहानी से गुमराह पुलिस उलझती जा रही थी। अपहरण व लूट की घटना में सत्यता नहीं होने का पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पुन: अपहृत बालक से पुलिस ने उसके स्वजन के समक्ष पूछताछ किया तो सच्चाई कुछ इस प्रकार सामने आई। कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर निरीक्षक सी.आर. चन्द्रा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक नीरज पाण्डेय, आरक्षक मनीष सिंह, अशोक यादव, अनुज जयसवाल, राकेश यादव सक्रिय रहे।
अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके कहा-निकला है 64 लाख का लॉटरी
घटना के करीब माह भर पहले अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके नाबालिग बालक को ईनामी लॉटरी 64 लाख रुपये जीतने के बारे में बताया और घटना के 4 दिन पहले फोन करके ईनामी राशि लेने धरमजयगढ़ लेने के लिए बुलाया। बालक ट्यूशन के लिए घर से निकलकर धर्मजयगढ़ गया और अज्ञात व्यक्ति को फोन किया तो उक्त व्यक्ति का फोन बंद बता रहा था। नाबालिग का ट्यूशन से घर वापस जाने का टाइम ज्यादा होने पर वह घरवालों की नाराजगी से बचने के लिए मोटरसायकल व स्कूल बैग को लुड़ेग मार्ग पत्थलगांव के एक किराना दुकान के पास छोड़कर दूसरे के बाइक में लिफ्ट लेकर चिखलीपानी के जंगल में रूका और एक ट्रैक्टर चालक से मोबाइल मांगकर अपने साथ लूट होना व 6 लोगों द्वारा अपहरण करने की झूठी कहानी बनाकर पेश किया। पुलिस टीम ने नाबालिग के निशानदेही पर स्कूल बैग व मोटरसायकल को बरामद कर लिया है।

Categorized in: