हजारों लोग कंपनी के मकड़जाल में फंसकर करोड़ों गवाएं

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को उच्च न्यायालय बिलासपुर से अग्रिम जमानत मिलने के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपियों के कंपनी एवं व्यक्तिगत खाता में जमा रकम 76 हजार 424 रुपये होल्ड कराया है। आरोपियों के कब्जे से वर्चुअल फैशन असिस्ट प्रा.लि. कंपनी के दस्तावेज सहित बिल जप्त किए गए हैं।

सरगुजा पुलिस द्वारा जारी अभियान ऑपरेशन विश्वास के तहत आपराधिक, धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की लगातार धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पर्री निवासी बालेश्वर राजवाड़े के द्वारा थाना गांधीनगर में 19 फरवरी 2024 को दर्ज कराई गई रिपोर्ट पर आरोपितों के तलाश में लगी थी। बालेश्वर राजवाड़े ने पुलिस को बताया था कि उसके पूर्व परिचित युवक द्वारा वर्चुअल फैशन असिस्ट प्रा.लि. कंपनी नावापारा अंबिकापुर में नौकरी मिलने की बात बताई गई थी। इसके बाद वह पूर्व परिचत युवक को अपने शैक्षणिक दस्तावेज की प्रति व्हाट्सअप में भेजा था। कंपनी से ज्वाइन करने की सूचना मिलने के बाद वह कंपनी के सीईओ विनय जायसवाल एवं एमडी सुनिल जायसवाल से 04 दिन की ट्रेनिंग प्राप्त किया। इसके बाद 09 फरवरी 2023 को 70 हजार रुपये देकर कंपनी में ज्वाइन किया, जिस पर उसे 70 हजार रुपये का कपड़ा स्वयं के उपयोग एवं विक्रय हेतु दिए गए थे और कंपनी में अन्य 04 लोगों को ज्वाइन कराने पर कमीशन देने की बात कही गई थी। कमीशन के प्रलोभन में वह 04 अन्य लोगों का कंपनी में ज्वाइनिंग कराया, इसके बाद कमीशन के रूप में 60 हजार रुपये देना बताया गया था, जबकि उसे कमीशन के रूप मे सिर्फ 1900 रुपये दिया गया था। वहीं 70 हजार रुपये में दिए गए कपड़े बाजार मूल्य से काफी अधिक दर पर दिए गए थे। 16 फरवरी 2024 को कंपनी का ऑफिस बंद होने पर बालेश्वर राजवाड़े कंपनी के सीइओ और एमडी से मिलने इनके ऑफिस गया, तो कंपनी बंद होने और सभी कर्मचारियों को निकालने की बात बताई गई। इसके बाद वह कंपनी के संचालकों द्वारा नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी करने की रिपोर्ट थाना गांधीनगर में दर्ज कराया, जिस पर धारा 420, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। विवेचना में लगी पुलिस टीम आरोपितों के हरसंभव गिरफ्तारी के प्रयास में लगी थी।
कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक अश्वनी सिंह, उप निरीक्षक रश्मि सिंह, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय शामिल रहे।  

जमानत मिलने पर थाना में हुए पेश
उच्च न्यायालय से आरोपितों को अग्रिम जमानत मिलने पर सुनिल जायसवाल 32 वर्ष व विनय जायसवाल 25 वर्ष, दोनों निवासी केसारी थाना रघुनाथनगर, जिला बलरामपुर गांधीनगर थाना में पेश हुए। पुलिस ने आरोपितों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम ने मामले में पूर्व में आरोपितों सहित इनके कंपनी वर्चुअल फैशन असिस्ट प्रा.लि. नावापारा अंबिकापुर के खातों कों होल्ड कराया था, जिसमें 76 हजार 424 रुपये नगद राशि होल्ड की गई है।

Categorized in: