शव निकलवाने पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

अंबिकापुर। अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिपारा में टाटा मैजिक वाहन और ब्रेजा कार में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में टाटा मैजिक में सवार दो लोगों के मौत और तीन लोगों के घायल होने की खबर है। दुर्घटना में दोनों वाहन के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलने पर बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल वाहन से निकालकर अस्पताल रवाना किया। वाहन में फंसे मृतकों के शव को गैस कटर से काटकर निकलवाना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक जशपुर जिले के पत्थलगांव से शुक्रवार की शाम टाटा मैजिक वाहन लेकर चालक अंबिकापुर की ओर आ रहा था, जिसमें प्रकाश पिता जग्गू, कुसुम तांडे व एक अन्य सवार थे। शाम लगभग छह बजे वे रायगढ़-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बतौली से लगे शांतिपारा पुलिया के पास पहुंचे, इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही ब्रेजा कार से इनकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कार में सीतापुर निवासी उमाकांत शर्मा व जयेश्वर सिंह सवार थे, दोनों अंबिकापुर से सीतापुर की ओर लौट रहे थे। दोनों घायल हो गए हैं। दुर्घटना में टाटा मैजिक में सवार प्रकाश व एक अन्य की मौके पर मौत हो गई, वहीं कुसुम तांडे घायल हो गई। समाचार लिखने तक घायलों का इलाज शांतिपारा अस्पताल में चल रहा है। 

Categorized in: