नगदी सहित लाखों के जेवरात की चोरी के मामले में पुलिस की थी गिरफ्तार

अंबिकापुर। पहरे में लगी जेल पुलिस को चकमा देकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक बंदी फरार हो गया, उसे इलाज कराने जेल प्रहरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाए थे। लाखों के चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने छह दिन पूर्व ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल प्रशासन ने मामले की रिपोर्ट मणिपुर थाने में दर्ज कराई है। लापरवाही पाए जाने पर दो जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया गया है।

शहर के रिडायर्ड प्रोफेसर के घर में हुई नगदी सहित लाखों रुपये के गहनों व अन्य सामानों की चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने सूरजपुर निवासी राहुल साहू उर्फ कल्लू कबाड़ी व लखनपुर थाना क्षेत्र के लहपटरा निवासी राहुल पैकरा पिता गजेेन्द्र पैकरा को लगभग छह दिन पूर्व गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया था। राहुल साहू आदतन बदमाश है। वह जेल में मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की शिकायत जेल प्रशासन से किया था। तबीयत खराब होने की शिकायत पर उसे जेल प्रशासन द्वारा शुक्रवार को इलाज के लिए अन्य बंदियों व कैदियों के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। उसे एक अन्य बंदी के साथ हथकड़ी लगाकर रखा गया था। अस्पताल के टीबी वार्ड के पास वह शौच जाने के नाम पर जेल प्रहरी को झांसे में लिया, जिस पर प्रहरी हथकड़ी खोल दिया। इसके बाद वह चकमा देकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया।

दो जेल प्रहरी निलंबित
बंदी के फरार होने की जानकारी लगने पर सुरक्षा में लगे जेल प्रहरियों में हडक़ंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। जेल प्रशासन के निर्देश पर फरार बंदी के विरूद्ध मणिपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जेल प्रशासन ने सुरक्षा में लापरवाही पाने पर जेल प्रहरी अनिल एक्का व उपेन्द्र आयाम को निलंबित कर दिया है।

Categorized in: