रेणुकूट रेलवे स्टेशन से अंबिकापुर-रेणुकूट रेल जुड़ाव चेतना पदयात्रा शुरु

अंबिकापुर। अंबिकापुर-रेणुकूट रेल जुड़ाव चेतना पदयात्रा का शुक्रवार को रेणुकूट रेलवे स्टेशन से शुरुआत हुआ। रेल बोर्ड में सदस्य एवं जिला सोनभद्र के प्रभारी मंत्री प्रतिनिधि श्रीकृष्ण गौतम ने यात्रा का शुभारंभ करते हुए सरगुजा से जुटे रेल संघर्ष समिति के 80 से अधिक पदयात्रियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आमजनों को संबोधित करते हुए कहा यह रेल लाइन बहुत ही महत्वपूर्ण है, इसके लिए बजट आवंटन हेतु स्थानीय तीनों सांसदों का साथ लेकर केंद्रीय मंत्री एवं प्रधानमंत्री तक इस बात को पहुचाएंंगे। हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि रेल लाइन को इस बजट में मंजूरी मिले।

पदयात्रा कार्यक्रम को रेणुकूट रेलवे स्टेशन पर संबोधित करते हुए राष्ट्रीय रेल परामर्शदात्री काउंसिल एनआरयूसीसी रेल मंत्रालय के सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने कहा कि अंबिकापुर-रेणुकूट रेल लाइन के फाइनल सर्वे का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इस लाइन की वास्तविक लागत निकल आई है, अब नीति आयोग एवं वित्त मंत्रालय से संपर्क कर इसे बजट में जुड़वाने और इस सत्र में मामले को उठाकर रेल लाइन को जल्द पूरा कराने स्थानीय सांसदों का सहयोग लेंगे। इस अभियान में राज्यसभा सांसद रामसकल, मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद अजय प्रताप, लोकसभा के पकौड़ी लाल कोल का भी सहयोग एवं समर्थन पदयात्रियों को प्राप्त हुआ। इन सबके सहयोग से इस रेल लाइन के लिए जल्द से जल्द बजट मिल जाए, इस अभियान में पूरी ताकत से लगने उन्होंने आश्वस्त किया है। आगामी दिनों में रेलवे की जो भी मीटिंग होगी, उसमें पूरी ताकत से इस मांग को रखने का आश्वासन पदयात्रियों को मिला। सोनभद्र के प्रभारी मंत्री एवं केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री के सोनभद्र जिले में प्रतिनिधि बतौर कहा कि केंद्रीय मंत्री के माध्यम से प्रधानमंत्री तक बात पहुंचाने की पहल की जाएगी। उन्होंने कहा मुझे इस अभियान के बाद पूरा विश्वास है कि आगामी दिनों में इस रेल लाइन को मंजूरी दिलाने में सफलता मिलेगी। उन्होंने अंबिकापुर के पदयात्रियों को साधुवाद देते हुए कहा कि तपती धूप में पदयात्रा कर रहे लोगों की प्रशंसा के लिए कोई शब्द नहीं हैं। सोनभद्र जिले के लोग भी उनके साथ कंधे से कंधे मिलाकर तैयार है। उत्तरप्रदेश सरकार में अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष राम नरेश पासवान ने कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से जो संदेश दिया जा रहा है, उसके माध्यम से हम सब एकजुट हों। इस रेल लाइन हेतु न सिर्फ मांग बल्कि प्रयास करेंगे कि सांसद के सहयोग से यह पूरा हो। सोनभद्र एवं सरगुजा क्षेत्र का भाग्योदय करने वाली लाइफ लाइन होगी, इसमें हम सबका पूरा समर्थन है। रेणुकूट नगर पंचायत की अध्यक्ष ममता सिंह ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों का साथ एवं सहयोग लेकर इस रेल लाइन की मांग को जल्द से जल्द पूरा कराने हरसंभव प्रयास किया जाएगा। रेल संघर्ष समिति के सदस्य एवं बार कौंसिल के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने कहा कि यह रेल लाइन बहुत जरूरी है, इससे उत्तरी सरगुजा देश के हर मुख्य रेल लाइन से जुड़ जाएगा, इसमें सरगुजा के साथ-साथ सोनभद्र जिले के लोगों का भी समर्थन मिल रहा है। रेल संघर्ष समिति के मनीष सिंह ने कहा कि इस रेल लाइन की मांग काफी समय से है, यह एक पुरानी मांग है। यदि इसे जल्द मंजूरी मिल गई तो इस यात्रा की सार्थकता होगी, आप सभी अपने स्तर पर मांग को उठाते रहिए। मुकेश तिवारी ने कहा कि यह यात्रा 4 दिनों तक चलेगी, जिसमें तीन स्टेशन उत्तरप्रदेश में और आठ छत्तीसगढ़ में पड़ेंगे। हर स्टेशन पर जन सहयोग से सभा, हस्ताक्षर अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम है। रेणुकूट में मिला आप सभी का यह सहयोग रेल संघर्ष समिति सरगुजा हमेशा याद रखेगा। इस दौरान बार कौंसिल के सचिव विजय तिवारी, राज वर्मा, प्रकाश साहू, विद्यानंद मिश्रा, विवेक दुबे, संतोष बिहाड़े गोल्डी, विकास अग्रवाल ने भी अपनी बात रखी।

Categorized in: