कार्रवाई का भय दिखाकर डीईओ कार्यालय के सहायक ग्रेड 2 से मांगा था दो लाख, एक लाख में हुआ था सौदा

अंबिकापुर। एसीबी की टीम ने तहसील कार्यालय दरिमा में बाबू के पद पर पदस्थ अनिल कुमार गुप्ता को एक लाख रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। 

जानकारी के मुताबिक, नमना कला में कार्मेल स्कूल के पीछे रहने वाले अखिलेश कुमार सोनी, पिता सुगंध प्रसाद सोनी, 51 वर्ष जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंबिकापुर में सहायक ग्रेड 2 के पद पर पदस्थ हैं। इन्होंने 12 मार्च को इस आशय का शिकायत पत्र प्रस्तुत किया था 10.03.2026 को अनिल कुमार गुप्ता द्वारा उन्हें कॉल करके मिलने के लिए बुलाया गया और कहा गया कि तुम्हारे विरूद्ध एसीबी में शिकायत है। एसीबी अम्बिकापुर के द्वारा तुम्हे कभी भी ट्रेप किया जा सकता है या तुम्हारे घर में छापा मारा जा सकता है। यदि आपको एसीबी की कार्रवाई से बचना है तो दो लाख रूपये की व्यवस्था करना पड़ेगा, मेरा भतीजा एसीबी में कार्यरत है, जिसके माध्यम से मैं केस को रफा-दफा करा दूंगा। यह कह कर एसीबी की कार्रवाई का भय दिखाया गया। एसीबी के डीएसपी ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी अनिल कुमार गुप्ता सहायक ग्रेड-02 तहसील कार्यालय दरिमा के द्वारा बताया गया कि उसके द्वारा पूर्व में एक केस को 2 लाख रुपए में निपटवाया गया है, आपको भी 2 लाख रूपये देना पड़ेगा। अखिलेश कुमार सोनी ने 2 लाख रूपये देने में असमर्थता जाहिर की तो एक लाख रूपये में केस निपटवाने की बात कही गई, जिस पर अनिल गुप्ता के द्वारा 1 लाख रूपये में काम कराने की सहमति दे दी गई। इसी क्रम में 20.03.2026 को ट्रेप आयोजित किया गया। आरोपी अनिल कुमार गुप्ता के द्वारा प्रार्थी अखिलेश को जिला ग्रंथालय अम्बिकापुर के पास 1 लाख रूपये के साथ बुलाया गया। प्रार्थी ने 1 लाख रूपये रखे हुए लिफाफे को आरोपी अनिल कुमार गुप्ता को दिया, जिसे लेकर वह अपने मोटर सायकल के डिक्की में रख लिया था। अखिलेश के इशारा करने पर ट्रैप दल के सदस्यों द्वारा आरोपी अनिल कुमार गुप्ता पिता बागर साव गुप्ता 61 वर्ष, सहायक ग्रेड-02 तहसील कार्यालय दरिमा, निवासी नशामुक्ति केन्द्र के सामने, केदारपुर अंबिकापुर को रिश्वती रकम 1 लाख रूपये सहित रंगे हाथों पकड़ा। टीम ने आरोपी से केमिकल लगे एक लाख रुपये को बरामद कर लिया है। आरोपी के विरूद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (यथा संशोधन 2018) एवं 308(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत् कार्रवाई की जा रही है। 

आरोपी का कोई भतीजा एसीबी में पदस्थ नहीं

एसीबी के डीएसपी प्रमोद खेस ने स्पष्ट किया है कि अखिलेश के खिलाफ एसीबी में कोई शिकायत दर्ज नहीं है और ना ही आरोपी अनिल कुमार गुप्ता का कोई भतीजा एसीबी अंबिकापुर में कार्यरत है। आरोपी के द्वारा एसीबी का भय दिखाकर स्वयं के लिए रिश्वती रकम प्राप्त किया गया था।

Categorized in: