अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में कक्षा आठवीं की छात्रा से गैंगरेप के बाद वहशियाना तरीके से हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। उक्त छात्रा शुक्रवार, 25 अप्रैल को घर से महुआ बिनने के लिए गई थी, इसके बाद घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शनिवार की सुबह करीब 10 बजे सेंदरी के जंगल में उसका निर्वस्त्र लाश ग्रामीणों ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी थी। शव की हालत को देखकर गैंगरेप के बाद हत्या कर देने का अंदेशा बना हुआ है। छात्रा का किसी धारदार हथियार से गला रेता गया है। मौके पर शव को घसीटने के भी निशान मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी शव को ठिकाना लगाने के फिराक में थे, लेकिन वे अपने इरादे में सफल नहीं हो पाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया है। आरोपियों की खोजबीन में पुलिस जुट गई है। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा के साथ और कौन-कौन जंगल गया था। इसके साथ ही पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: