अंबिकापुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के डिण्डो चौकी क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को शिकार करने जंगल में गए शिकारी ने जंगली सूअर के भ्रम में अपने ही साथी को गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर शनिवार की सुबह पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। गोली मारने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने भरमार बंदूक जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के डिण्डो पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम बेलसर निवासी मुकेश कुमार आयाम 18 वर्ष इसी वर्ष कक्षा 12वीं बोर्ड की परीक्षा दिया था। शुक्रवार को वह गांव के ही राजेंद्र पण्डो 40 वर्ष के साथ विमलापुर, बेलकोता जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने गया था। दोपहर को सभी जंगल में अलग-अलग सूअर की खोजबीन में लगे थे। इसी बीच झाडिय़ों के बीच से आवाज आई तो राजेंद्र पण्डो ने उसे जंगली सूअर समझा और भरमार बंदूक से गोली चला दिया, लेकिन गोली छात्र मुकेश कुमार आयाम को लग गई। गोली लगते ही मुकेश वहीं गिर गया और चिल्लाने लगा। राजेन्द्र पण्डो वहां पहुंचा तो वह छटपटा रहा था। इसी बीच उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र पण्डो को गिरफ्तार करके भरमार बंदूक जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस यह जानने के प्रयास में है कि दोनों के साथ और कौन-कौन जंगल में शिकार करने के लिए गए थे|

स्वजन पूरी रात शव का करते रहे पहरा

घटना से व्यथित राजेंद्र पंडो सीधे गांव पहुंचा और मुकेश के स्वजनों व गांव वालों को घटना की सूचना दिया। इसके बाद परिजन व ग्रामीण जंगल पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि मुकेश औंधे मुंह गिरा पड़ा है, उसकी पीठ में गोली लगी थी। देर शाम मामले की सूचना पुलिस तक पहुंची। अंधेरा हो जाने के कारण पुलिस आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाई थी। इधर मृतक मुकेश के स्वजन व ग्रामीण रात भर शव का पहरा देते रहे। आशंका थी कि कोई जंगली जानवर शव को क्षति न पहुंचा दे। शनिवार की सुबह त्रिकुण्डा थाना व डिण्डो चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सूचना पर एसडीओपी बाजीलाल सिंह भी घटना स्थल पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

 

Categorized in: