ग्रामीणों से फीडबैक लेकर समस्याओं से अवगत हुए
अंबिकापुर। राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर एवं उनकी धर्मपत्नी, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 2 की सदस्य पायल सिंह तोमर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र ग्राम फतेहपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शालाओं सहित विभिन्न सार्वजनिक संस्थानों का निरीक्षण कर सुविधाओं की स्थिति जानी।
निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक शाला भवन से की गई, यहां जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर ने बच्चों से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को खाद्य सामग्री भी वितरित किया, जिससे बच्चों में उत्साह देखा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीणों की ओर से व्यक्त की गई छोटी-बड़ी किसी भी तरह की समस्या पर उन्होंने गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर ग्रामीण मंडल मंत्री विजय प्रताप सिंह, पूर्व जनपद सदस्य मटुक दास, फतेहपुर सरपंच सत्येंद्र कुमार, रामप्रकाश कुजूर, हेमंत राजवाड़े उपस्थित रहे।
पीडीएस एवं स्वास्थ्य केंद्र का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में दंपती ने फतेहपुर स्थित पीडीएस केंद्र का भी अवलोकन किया और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। इसके बाद वे माध्यमिक शाला एवं शासकीय हाईस्कूल फतेहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूल प्राचार्य एवं ग्रामवासियों के साथ संवाद किया। उन्होंने बताया जिला पंचायत विकास निधि से खेल मैदान का समतलीकरण कराया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं की भी ली जानकारी
युवा आयोग अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य ने फतेहपुर उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए मौजूदा स्वास्थ्य कर्मियों से बारिश के मौसम में दवाइयों की आपूर्ति एवं मौसमी बीमारियों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि ग्रामीणों को समय पर दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
खेल मैदानों के विकास का आश्वासन
युवा आयोग अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य ने ग्राम पंचायत सपना के खेल मैदान का भी जायजा लिया। उन्होंने मैदान को समतल कराकर खेल योग्य बनाने का भरोसा दिलाया और कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी खेल के बेहतर अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।

Categorized in: