मैनपाट के लालमुड़ा से जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीणों ने कहा-गांव का माहौल अशांत हो रहा

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के तहसील मैनपाट अंतर्गत ग्राम पंचायत नर्मदापुर के लालमुड़ा स्थित शिव मंदिर में महात्मा के वेश में दिगर राज्य से आए लोगों के द्वारा अतिक्रमण और पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम सीतापुर का ध्यान इस ओर कराया था और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन यथास्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को भी पूछताछ में इनके पास ऐसा कोई पुष्ट दस्तावेज नहीं मिला, जिससे इनके वास्तविक ठौर-ठिकाने की पुष्टि हो सके।

मंगलवार को काफी संख्या में मैनपाट इलाके से कलेक्टर के जनदर्शन में पेड़ काटने और ग्रामीणों को दी जा रही धमकी का वीडियो व लिखित शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने पेड़ काटने के साथ ही विरोध में सामने आने वाले ग्रामीणों को भी काट देने की धमकी देने का आरोप लगाया है। गया प्रसाद यादव, गोविंद यादव, राहुल, रोशन, मनोज सहित अन्य ने बताया कि, ग्राम लालमुड़ा में शासकीय भूमि पर वर्षों से शिव मंदिर स्थित है। इस परिसर में जन सहयोग और शासकीय योजना के तहत समतलीकरण, वृक्षारोपण सहित अन्य कार्य कराए गए हैं। यहां सैकड़ों की संख्या में नीलगिरी के पेड़ लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग दो महीने से महात्मा के वेश में अन्य प्रांत से आए 5 लोग यहां झोपड़ी और शेड बनाकर रहने लगे। जब ग्रामीण मंदिर में पूजा करने जाते हैं तो इनके द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज किया जाता है। इनके द्वारा मंदिर परिसर में लगे सैकड़ों नीलगिरी के पेड़ों को खुलेआम काटा जा रहा है। मना करने पर मारपीट और गाली-गलौज करने लगते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि, शासकीय परिसर में हो रहे अवैध अतिक्रमण को तत्काल रोका जाए। बाहर से साधु के वेश में आकर गांव का माहौल खराब करने में लगे लोगों को यहां से हटाया जाए और इनकी गहन जांच की जाए। इनके द्वारा अवैध रूप से बनाए गए शेड को हटाया जाए, ताकि गांव का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे और श्रद्धालु मंदिर में निर्भय होकर पूजा कर सकें।

महिलायें मंदिर जाने से कतरा रहीं

ग्रामीणों का कहना है कि इन लोगों के डर से गांव की महिलाएं और बच्चियां मंदिर में पूजा-पाठ करने नहीं जा पा रही हैं। आरोप है कि दिगर राज्यों से आये लोग इस परिसर को कब्जा करके अपनी निजी संपत्ति बनाने के प्रयास में लगे हैं। इसमें गांव के ही कुछ लोगों की मिलीभगत और पैसे का लालच देकर शासकीय जमीन को निजी व्यक्तियों के पास बेचने की कोशिश जैसे आरोप भी लग रहे हंै। इनके द्वारा सामने लाये गये वीडियो में गुलाबी गमछा और सिर में पट्टा बांधा एक व्यक्ति, मंदिर परिसर में नीलगिरी के पेड़ को कुल्हाड़ी से काटते नजर आ रहा है।  

मंदिर में पुजारी को घुसने से रोका

पुजारी गया प्रसाद यादव का कहना है कि शिव मंदिर में पूजा करते चार दशक से अधिक हो गए, दो माह पहले महात्मा के वेश में आये लोगों को गांव के ही कुछ लोगों ने शरण दिया, अब इनके द्वारा मंदिर परिसर में लगे पौधों पर टांगा चलाया जा रहा है। पूछताछ करने पर लाठी और टांगी का भय दिखाकर उन्हें एक-एक करके पेड़ की तरह काट देने की धमकी दी जाती है। पुजारी का कहना है कि, उन्हें तीन दिनों तक इनके द्वारा मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया गया, और अनर्गल बातें करते हुये भयादोहन करने की कोशिश लगातार की जा रही है।

Categorized in: