मामले में अपराध दर्ज, पुलिस के द्वारा की गई कार्रवाई पर लगा प्रश्नचिन्ह
भैयाथान। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए मामूली विवाद पर बसपा नेता के भतीजा पर चाकू से जानलेवा हमला का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने वाले एक अन्य युवक को भी चाकू वार में गंभीर चोट आई हंै। पुलिस ने मामले में काउंटर केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बड़सरा के मंदिर पारा में गणेश प्रतिमा विसर्जन का आयोजन किया गया था। इस दौरान बज रहे डीजे के गाने पर लोग नाच रहे थे। प्राथमिक शाला बसकरपारा के पास जैसे ही वाहन पहुंची, तभी बसपा नेता नरेन्द्र साहू के भतीजा मनीष साहू 25 वर्ष पर गांव के ही निखिल यादव उर्फ राजा यादव पिता विजेन्द्र यादव ने चाकू से हमला कर दिया। चाकू के हमले में मनीष साहू गंभीर रूप से आहत हो गया और अचेत होकर जमीन पर गिर गया था। इस दौरान बीच-बचाव के लिए दौड़े कुलदीप सिंह के सिर में भी निखिल उर्फ राजा यादव ने चाकू से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आहत कुलदीप सिंह के भाई आनन्द प्रताप सिंह की शिकायत पर आरोपी निखिल यादव उर्फ राजा यादव के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आहतों को भैयाथान चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद सूरजपुर जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है। मामले में निखिल यादव उर्फ राजा यादव के पिता की शिकायत पर मनीष साहू, अंगद विश्वकर्मा, कुलदीप सिंह व गोपू देवांगन के विरूद्ध भी अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस कार्रवाई पर नजर डालें तो जिस मनीष साहू को चाकू मारा गया है उसके द्वारा या परिवार के सदस्यों की तरफ से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। बताया जा रहा है कि जिसने चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया, उसके स्वजन की शिकायत पर प्रत्यक्ष दर्शियों पर अपराध दर्ज किया गया है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान लग रहे हैं।

Categorized in: