छुट्टी में आया था घर, पूर्व में भी प्रताड़ना से संबंधित वीडियो किया था जारी

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले में सीआरपीएफ के जवान ने घर के बाहर आम के पेड़ पर फांसी लगा ली। परिजन तत्काल उसे फांसी से उतारकर होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर ले गये, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत जवान जम्मू-कश्मीर में पदस्थ था और छुट्टी पर घर आया था। करीब छह माह पहले भी जवान, पत्नी एवं ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जहर सेवन किया था, और प्रताड़ना से संबंधित एक वीडियो भी जारी किया था।

जानकारी के मुताबिक, राजपुर थानांतर्गत ग्राम कुंदीकला निवासी राजाराम प्रजापति की वर्ष 2020-21 में सीआरपीएफ के जवान के पद पर पदस्थापना हुई थी। वह जम्मू कश्मीर में ड्यूटी में तैनात था। कुछ दिनों पूर्व वह छुट्टी लेकर अपने घर कुंदीकला आया था। घर आने के बाद उसका पत्नी से लगातार विवाद हो रहा था। जवान के भाई शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि, बुधवार को भी राजाराम का पत्नी से विवाद हुआ। विवाद होने के बाद वह रस्सी लेकर दौड़ते घर से निकला और आम पेड़ पर चढ़कर फांसी पर झूल गया, उसके पीछे मां भी शोर मचाते दौड़ी थी।

शोर सुनकर शिव कुमार प्रजापति और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राजाराम को फांसी के फंदे से उतारे, इस दौरान उसकी सांसें चल रही थी। परिजन उसे लेकर होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवकुमार प्रजापति का कहना है कि उसका भाई दिसंबर 2025 में भी जहर सेवन कर लिया था। उसने पत्नी एवं ससुराल पक्ष पर पैसे मांगने एवं प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर वीडियो भी सोशल मीडिया में शेयर किया था, पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। राजाराम प्रजापति का करीब डेढ़ माह दो अस्पतालों में इलाज चला और ठीक होने के बाद वह ड्यूटी में लौट गया था। इसके बाद भी पत्नी एवं ससुराल वालों से विवाद जारी था। पुलिस ने स्वजन का बयान लेकर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।

Categorized in: