पुलिस आरोपी पति को गिरफ्तार करके घटना में प्रयुक्त टांगी जप्त की
अंबिकापुर। सरगुजा जिला के मैनपाट अंतर्गत कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उरगा में बीती रात आपसी विवाद के बाद पति ने पत्नी की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। मृतिका हाथी से बचने के लिए जगमोहन मांझी के मकान की छत में बच्चे के साथ सोने गई थी। यहां हाथी के हमले में तो जान नहीं गई, साथ गया पति ही उसका काल बन गया। हत्या की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कमलेश्वरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक जगमोहन मांझी निवासी पतरापारा 13 सितंबर को थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 12 सितंबर को वह अपने परिवार के साथ पुराने घर से नवनिर्माणाधीन पक्का मकान में आकर सोया था। यहां गांव के संतराम, राजकुमार तथा अन्य लोग हाथी के डर से उसके मकान के छत पर सो रहे थे। 13 सितंबर को अलसुबह श्रीराम मांझी अपनी पत्नी धुनी बाई व बच्चों के साथ उसके मकान के छत में सोने आया, जो अपने हाथ में टांगी रखा था। इस दौरान वह अपनी पत्नी को आस-पास पूजा पाठ में नहीं जाने की बात कहते हुए धमकाते हुए टांगी इधर-उधर घुमाते उसे मारने के लिए हो रहा था। उसका तेवर देखकर वहां सो रहे लोगों के साथ वह भाग गया। श्रीराम मांझी अपनी पत्नी, बच्चे एवं संतराम के साथ छत पर था। सुबह सूचना मिली कि श्रीराम मांझी अपनी पत्नी की टांगी से मारकर हत्या कर दिया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 103 (1) बी.एन.एस. का मामला कायम किया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा किया और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटना के बाद गायब आरोपी पति श्रीराम मांझी 34 वर्ष को घेराबंदी करके पकड़ा और गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर उप निरीक्षक अशोक शर्मा, सहायक उप निरीक्षक सहदेव राम बर्मन, महिला आरक्षक सविता पैकरा, आरक्षक जेवियर बरवा, देवदत्त सिंह, परवेज फिरदौशी, अमित टोप्पो शामिल रहे।

Categorized in: