गुस्साई भीड़ ने स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ के बाद लगा दी थी आग
अंबिकापुर। सरगुजा जिला के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंठी में बुधवार को देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन के चालक ने स्कूटी व बाइक सवार समेत पैदल आना-जाना कर रहे छह लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि स्कूटी सवार बुजुर्ग पति-पत्नी समेत समेत छह लोग घायल हो गए थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया था, यहां इलाज के दौरान दोनों पति-पत्नी की भी मौत हो गई। घटना के दौरान आसपास लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने स्कॉर्पियो वाहन में तोड़फोड़ के बाद उसे आग के हवाले कर दिया था, जिसमें वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। पुलिस ने मामले में स्कार्पियो वाहन के चालक व सवार के विरूद्ध केस दर्ज कर इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी ठाकुरपारा निवासी दंपती विजय कुमार वर्मा अपनी पत्नी मीरा वर्मा के साथ बुधवार को देर शाम को अंबिकापुर से अपने गृहग्राम कंठी जाने के लिए स्कूटी में सवार होकर जा रहे थे, वहीं उनका व्यवसायी पुत्र नवीन कुमार वर्मा अपनी कार से अंबिकापुर से घर कंठी की ओर जा रहा था। शाम लगभग 6 बजे कंठी मुख्य मार्ग में मिराज मेडिकल स्टोर के पास जैसे ही स्कूटी सवार दंपती पहुंचे, दरिमा की ओर से अंबिकापुर आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 15 ईई 7300 का चालक तेज रफ्तार में लापरवाही पूर्वक वाहन चालन करते हुए पहले अंबिकापुर से मजदूरी करके अपने गृह ग्राम करजी जा रहे बाइक सवार रमेश प्रजापति पिता स्व. भरतलाल प्रजापति 39 वर्ष को चपेट में लिया, इसके बाद स्कूटी सवार दंपती विजय कुमार वर्मा और उनकी पत्नी को ठोकर मारते हुए पैदल आना-जाना कर रहे नारद राम, विरेन्द्र दास, करमेन को चपेट में ले लिया। बेकाबू स्कार्पियो बाइक सवार के साथ सड़क के किनारे स्थित एक घर से टकरा गई। दुर्घटना में बाइक सवार रमेश प्रजापति (30) की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक का भतीजा अर्जुन प्रजापति भीड़ देखकर मौके पर गया और मजदूरी करके लौट रहे चाचा रमेश प्रजापति को पहचाना, जो बातचीत नहीं कर रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल रवाना किया, यहां बुधवार की शाम 7.2 बजे चिकित्सक ने रमेश प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। वहीं देर शाम 8.21 बजे निजी अस्पताल में मीरा वर्मा (58) भी दम तोड़ दी। देर रात 12.21 बजे मृतका के पति विजय कुमार वर्मा (60) की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों के शव को पोस्टर्माटम के बाद पुलिस ने स्वजनों को सौंप दिया है। तीन घायलों का उपचार चल रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक मनोज प्रजापति, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ राम, सहायक उप निरीक्षक नेतराम पैकरा, प्रधान आरक्षक मनीजर राम, आरक्षक संजय केरकेट्टा, राज जायसवाल, शरद राजवाड़े, दुर्गेश राजवाड़े, भूपेंद्र सिंह, नमीष सिंह सक्रिय रहे।
शराब के नशे में चला रहे थे वाहन
दरिमा थाना पुलिस ने अंबिकापुर निवासी स्कार्पियो वाहन क्रमांक सीजी 15 ईई 7300 के चालक रोशन गुप्ता 22 वर्ष निवासी गोधनपुर व अंश साहू 26 वर्ष निवासी दर्रीपारा अंबिकापुर को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। घटना में मृत विजय/मीरा वर्मा के पुत्र नवीन कुमार वर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 105 बीएनएस का मामला दर्ज किया है। घटना के दौरान दोनों शराब के नशे में थे और तेज गति से वाहन चला रहे थे। घायल मीरा वर्मा की मौत फिरदौसी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। घटना दिनांक 13 नवम्बर को नवीन अपने निजी काम से अंबिकापुर आया था। अंबिकापुर से वापस अपने घर ग्राम कंठी जा रहा था। शाम लगभग 06 बजे ग्राम कंठी में मिराज मेडिकल के पास उसके पिता विजय कुमार वर्मा एवं मां मीरा वर्मा संभवत: चना खाने के लिए खड़े थे। इसी दौरान स्कार्पियो सवारों ने दुर्घटना को अंजाम दिया। स्कार्पियो सवार एक्सीडेंट करने के बाद भाग रहे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने दौडाकर पकड़ा। स्कर्पियो को रोशन गुप्ता चला रहा था।
पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित
दुर्घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों का जमघट लग गया। पुलिस के पहुंचते तक बेकाबू भीड़ दुर्घटनाकारित वाहन में तोड़फोड़ करने में लगी थी। मुख्य मार्ग में एक घंटे से अधिक जाम की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने घर के दहलीज से टकराकर रूकी स्कॉर्पियो वाहन को धकेलकर सडक तक लाया और उसे आग के हवाले कर दिया, जिसमें स्कॉर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करके किसी तरह सड़क मार्ग को खाली कराया, जिससे आवागमन शुुरु हुआ।

Categorized in: