*13 सौ करोड़ रुपये गौठान में गायों की देखभाल के नाम पर खर्च बता छत्तीसगढ़ सरकार ने किया भ्रष्टाचार*
अंबिकापुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बिहार में चारा घोटाला सुना था, छत्तीसगढ़ में भी (गोबर) गौठान घोटाला हुआ है।गौठान के माध्यम से कांग्रेस सरकार अपने लोगों को प्रोत्साहित कर भारी भ्रष्टाचार की है। आज गौठान की हकीकत यह है कि वहां शेड के नाम पर कुछ नहीं है। और तो और पानी भी चालू नहीं है। चारा का भी कहीं अता पता नहीं है। जैविक खाद का नामोनिशान नहीं है। श्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश में 10 हजार गौठान बनाई है, जो सरकारी रिकार्ड में भी है। इसमें करीब 13 सौ करोड़ रुपये गायों की देखभाल व रख-रखाव के नाम पर खर्च किया गया है। कांग्रेस की फितरत रही है कि कैसे भ्रष्टाचार किया जाए, इसके लिए वे योजना बनाते हैं।गौमाता जिस पर हमारी आस्था है, उनके लिए बनाई गई योजना को कांग्रेस सरकार ने नहीं बख्शा। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री का जब प्रवास होता है तो ट्रैक्टर के माध्यम से गौठान में गोबर खरीद कर भरा जाता है। स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा दूसरे जगह से पैकिंग कर के जैविक खाद जमा किया जाता है, उसका भी पैसा अभी तक उन्हें नहीं मिला। कई जगह मजदूरों का भुगतान बकाया है। 300 गाय हर गौठान में रहने चाहिए लेकिन 30 गाय भी नहीं है। वाहवाही लूटने, छत्तीसगढ़ की जनता को गुमराह कर कांग्रेस सरकार इसमें भारी भ्रष्टाचार कर रही है। सरपंच व जनप्रतिनिधियों पर दबाव डालकर 14वें वित्त का पैसा एवं नरेगा के काम को डायवर्ट किया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, पूर्व सांसद कमलभान सिंह मरावी, भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, अंबिकेश केशरी, अभिमन्यु गुप्ता, हरपाल सिंह भामरा, संतोष दास, रूपेश दुबे, अभिषेक शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
*कार्यकर्ता पहुंचे गौठानों में तो हरकत में आया प्रशासन*
रामविचार नेताम ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता कांग्रेस सरकार द्वारा बनाए गए गौठानों पर जा रहे हैं, उसका वीडियो बना रहे हैं एवं जनता के सामने सच्चाई ला रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जब गौठानों की तरफ रूख किया तो प्रशासन हरकत में आया। वहां फर्जी तरीके से मजदूरों को खड़ा कर गोबर खरीदी दिखाया जा रहा है।
*छत्तीसगढ़ का नहीं, कुछ नेताओं का सर्वांगीण विकास*
कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधन कोयला में भी भारी अनियमितता की है। राशन घोटाला भी अभी सामने आया है।नेताम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में सरगुजा का सर्वांगीण विकास तो नहीं हुआ पर कुछ नेताओं का जरुर सर्वांगीण विकास हो रहा है।
*ज्वलंत मुद्दों को उठा रही भाजपा*
राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने पत्रकारों के सवाल साढ़े 4 साल बाद भाजपा को गौठान क्यों याद आया, के संदर्भ में कहा कि भाजपा ज्वलंत मुद्दों को हमेशा उठाते आई है। हमने शराब घोटाला का मुद्दा भी उठाया, उसके बाद प्रधानमंत्री आवास को लेकर आवाज उठाई। अभी ज्वलंत मुद्दा गौठान का है, जिसे भाजपा उठा रही है। इसके बाद तेंदूपत्ता खरीदी का मामला भी भाजपा द्वारा उठाया जाएगा।

Categorized in: