*पुलिस जांच में जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्ट्री होना पाया गया*

अंबिकापुर। जमीन रजिस्ट्री के नाम पर धोखाधड़ी कर 21 लाख की ठगी के मामले में गांधीनगर थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपित महिला को गिरफ्तार किया है। चंद्रकांती भगत निवासी बनारस रोड ने गांधीनगर थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि लता खूंटे निवासी गांधीनगर ने गंगापुर में 19 डिसमिल जमीन बेचने की बात कहते हुए पांच लाख रुपये अग्रिम प्राप्त किया, जिसका नोटरी के समक्ष अनुबंध किया गया। लता खूटे द्वारा जमीन की चौहद्दी एवं अनुमति लेने की बात कहकर पुनः अलग-अलग किश्तों में 16 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद जमीन रजिस्ट्री करने के नाम पर टाल-मटोल कर रही थी। शंका होने पर जमीन के संबंध में जब वह जानकारी ली, तो जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्ट्री होना पाया गया।

आरोप है कि लता खूटे द्वारा उनसे व अन्य लोगों से जमीन रजिस्ट्री करने की बात कहकर धोखाधड़ी करते हुए कुल 21 लाख रुपये की ठगी की है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 176/23 धारा 420, 467, 468 भादवि कायम कर विवेचना में लिया। मामले में पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक श्री स्मृतिक राजनाला, प्रशिक्षु आईपीएस चिराग जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपिया को तलाश रही थी। विवेचना पाया गया कि आरोपिया ने धोखाधड़ी कर गंगापुर में स्थित 19 डिसमिल भूमि को अपना बताकर 33 लाख रुपये में विक्रय करने का अनुबंध किया और अलग-अलग किश्त में कुल 21 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने आरोपी महिला को घेराबंदी कर पकड़ा और घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने 21 लाख रुपये की ठगी कारित करना स्वीकार किया। आरोपी लता खूटे को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक धीरेन्द्र दुबे, उप निरीक्षक विजय दुबे, सहायक उप निरीक्षक अलंगो दास, आरक्षक अमृत सिंह, अरविन्द उपाध्याय, प्रविन्द्र सिंह, उमाशंकर साहू, पवन यादव, सैनिक अनिल साहू शामिल रहे।

Categorized in: