सरगुजा महराज ने सरगुजा वासियों के सुख-शांति की कामना की
अंबिकापुर। शारदीय नवरात्र की अष्टमी व नवमी तिथि पर रियासत काल से चली आ रही परंपरा के अनुसार राज परिवार की कुलदेवी सरगुजा की आराध्य मां महामाया और मां समलया का सरगुजा महराज व पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने शुक्रवार को विधि-विधान से संधि पूजन किया। संधि पूजन मुहूर्त के अनुसार सुबह 6.52 बजे शुरू हुई। इस अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भी मंदिर परिसर में थी।
सरगुजा राजपरिवार के राजपुरोहित द्विपेश पांडेय के साथ टीएस सिंहदेव करीब एक घंटे तक पूजा व अनुष्ठान किए। इसके बाद आम जनता ने देवी का दर्शन करके पूजा-अर्चना की। पूजा में युवराज आदित्येश्वर शरण सिंहदेव भी शामिल हुए। संधि पूजन करने के पश्चात पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात करके सरगुजा वासियों के सुख-शांति की कामना की। 12 अक्टूबर को दशहरा पर्व के दिन दोपहर 12 बजे के उपरांत विजयादशमी पूजा एवं शस्त्र पूजा होगी। दोपहर 3.30 बजे के बाद सरगुजा महाराज टीएस सिंहदेव हर वर्ष की भांति सरगुजा पैलेस में जिलेवासियों से मुलाकात के लिए मौजूद रहेंगे। परंपरा के अनुसार दशहरा के मौके पर क्षत्रिय समाज के द्वारा भी शस्त्र पूजन किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शस्त्र पूजन का आयोजन होगा।

Categorized in: